.

नशे में डूबा रहा दूल्हा,लड़की ने शादी से किया इनकार, बंधक बने दूल्हे के परिजन

अहरौला : आजमगढ़ : शादी करने बरात ले कर आये दूल्हे को शराब के नशे में धुत देख दुल्हन का पारा चढ़ गया और उसने शादी से इनकार कर दिया। जानकारी के अनुसार मामला अहरौला थाना क्षेत्र के गजन्‍धरपट्टी गांव का है जहाँ बरात आने के बाद दूल्हे को शराब के नशे में डूबे होने की जानकारी  होने पर दुल्‍हन ने शादी से इनकार कर दिया। यहीं नहीं कन्‍या पक्ष के लोगों ने दुल्‍हे और उसके परिवार के लोगों को बंधक बना लिया। शुक्रवार को लगभग छह लाख रूपया वर पक्ष ने वापस किया तो फिर उन्हें कन्‍या पक्ष ने छोड दिया।  बताते हैं कि पकड़ी गांव से गजंधरपट्टी गांव में बारात आयी थी। शाम को बारात घुमाने का कार्यक्रम शुरू हुआ। इसी दौरान बारात शराब ठेके के पास जाकर रूकी। वहां बारातियों के साथ ही दुल्‍हे ने भी शराब का सेवन कर लिया। कन्‍या पक्ष के कुछ लोगों ने बारातियों को शराब पीते देखा तो विरोध कर दिये। इस बात को लेकर विवाद हो गया। किसी तरह बारात घर तक पहुंची और काफी मान मनौव्‍वल के बाद   द्वार पूजा और जयमाल का कार्यक्रम हुआ। रात करीब 12 बजे शादी का कार्यक्रम शुरू हुआ। प्रत्‍यक्षदशियों के मुताबिक दुल्‍हा नशे में होने के बार-बार मंडप में गिर जा रहा था। पंडित ने यह कहते हुए शादी कराने से इनकार कर दिया कि दुल्‍हा नशे में सो जा रहा है जब कोई सामान हाथ में पकड़ेगा ही नहीं तो शादी कैसे होगी। पंडित के ऐतराज़  के बाद दुल्‍हन ने भी शादी से इनकार कर दिया। फिर काफी मान मनौव्‍वल के बाद भी वह नहीं मानी। इनके बाद लड़की के परिवार वालों ने भी शादी से इनकार कर दिया। बारात वापस लौट गयी लेकिन दुल्‍हा उसके पिता और परिवार के अन्‍य सदस्‍यों को बंधक बना लिया गया। शुक्रवार की सुबह दोनों गांवों के प्रधानों की मौजूदगी में पंचायत हुई लेकिन बात नहीं बनी। कन्‍या पक्ष का कहना था कि उन्‍होंने शादी में छह लाख खर्च किया है शादी लड़के की वजह से टूटी है जबतक उक्‍त धन का भुगतान नहीं होगा दुल्‍हे को नहीं छोड़ा जायेगा। दोपहर करीब 12 बजे हार मानकर वर पक्ष के लोगों ने कन्या पक्ष के बैंक खाते में छह लाख रूपया ट्रांसफर किया तब जाकर दुल्‍हा और परिवार के लोग वापस लौटे। वहीं चर्चा इस बात की भी है कि लड़का शादी नहीं करना चाहता था लेकिन परिजनों के दबाव से परेशान  उसने ऐसा किया। 

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment