सगड़ी/आजमगढ़। वेदान्ता इंटरनेशनल स्कूल बगहीडाँड़ बनकट में शुक्रवार को तहसील क्षेत्र के ही लीलापट्टी बनकटिया निवासी आदर्श रिषी श्रीवास्तव को सम्मानित किया गया। आदर्श का चयन आईईएस में चौथी रैंक पर हुआ है। इस अवसर पर स्कूल के मैनेजिंग डायरेक्टर शिवगोविन्द सिंह ने कहा कि एक ही घर में दो आईईएस होना कठिन परिश्रम की देन है। निश्चित ही इस सफलता में इनके माता.पिता का त्याग और समर्पण सम्मिलित है। उन्होंने स्कूल के छात्रो को सम्बोधित करते हुए कहा कि ऐसे लोगों से प्रेरणा लेकर लक्ष्य हासिल करें। कहा कि इस परिसर में ऐसे कार्यक्रम कराने का यही उद्देश्य है कि बच्चे सफल लोगों को देखें तथा उनके भी मन में कुछ करने व बनने की तमन्ना जगे। समारोह को संबोधित करते हुए नवनियुक्त आईइएस आदर्श रिषि श्रीवास्तव ने बच्चों से कहा कि सफल होने के लिए कठिन परिश्रम और पाठ्यक्रम का विस्तृत अध्ययन करना परम आवश्यक है। सफलता का कोई शार्ट कट नहीं होता है। इसके लिए सतत परिश्रम ही विकल्प है। विदित हो कि आदर्श रिषि श्रीवास्तव के बड़े भाई आनन्द रिषी श्रीवास्तव भी 2008 बैच के आईईएस है। वे अजमेर में सीनीसर डीएमई पद पर रेलवे में कार्यरत है। इन्होने भी छात्रों को सफलता के टिप्स दिये। इस अवसर पर स्कूल के छात्र छात्राओं ने स्वागत गान प्रस्तुत किया तथा यह प्रण लिया कि हम लोग भी अपने लक्ष्य को हासिल करके देश के सच्चे नागरिक बनेंगे तथा देश सेवा में अपने आपको सम्मिलित करेंगे। इस अवसर पर अरविन्द सिंह, गणेश कुमार श्रीवास्तव, मनोज कुमार श्रीवास्तव, ऋषभ रिषी श्रीवास्तव,डा.डीडी सिंह, प्रधानाचार्या अंजना श्रीवास्तव मो अली आदि सहित समस्त छात्र व शिक्षक उपस्थित रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment