आजमगढ़। मानवता को नई राह दिखाने वाले प्रभु ईसा मसीह का जन्म दिवस क्रिसमस-डे रविवार को जिले में आस्था व हर्षाल्लास के वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान नगर के ट्रिनीटी चर्च में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अनेक संस्थाओं में भी गोष्ठियों व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। क्रिसमस पर आकर्षण का केन्द्र रहे संता क्लाज ने बच्चों में उपहार बांटे। क्रिसमस-डे के अवसर पर नगर के ट्रिनीटी चर्च में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया जिसमें पवित्र बाइबिल की शिक्षा को अपनाने पर बल देते हुए प्रभु यीशु को मानवता का उद्धारक व गुनाहगारों को क्षमा करने वाला सच्चा मसीहा बताया गया। बताया गया कि प्रभु यीशु ने पूरी दुनिया को प्रेम, दया, क्षमा व विश्व बंधुत्व की जो शिक्षा दी है, उस पर चलकर ही इंसानियत को अपनी सर्वश्रेष्ठ मंजिल मिल सकती है। शाम को प्रभु यीशु के जन्मोत्सव की खुशियां समारोह पूर्वक मनायी गयीं जो देर रात तक चली। इसी क्रम में मिशन कम्पाउण्ड स्थित मदर व्यूला स्कूल में क्रिसमस ट्री सेलिब्रेशन का आयोजन किया गया। बच्चों ने प्रभु यीशु के जीवन पर आधारित कार्यक्रम पेश किया। इस दौरान सांता क्लाज ने बच्चों में उपहार का वितरण किया। इसी तरह मिशन अस्पताल के प्रार्थना सभागार में सुबह प्रभु यीशु की प्रार्थना हुई जिसमें सभी वर्गों के लोग तथा अस्पताल के तमाम चिकित्सक व कर्मचारियों ने भाग लिया। वक्ताओं ने प्रभु ईसा मसीह के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रभु यीशु ने मानव कल्याण के लिए कम उम्र में ही स्वयं को पैगम्बर के रूप में स्थापित कर पूरे विश्व में ख्याति प्राप्त की। इसी क्रम में शहर के अतलस पोखरा स्थित ज्योति निकेतन स्कूल में प्रभु यीशु की एक भव्य झांकी सजाई गयी। स्कूल परिवार के फादर सहित सभी लोगों ने यीशु की प्रार्थना की। इस अवसर पर क्रिसमस केक काटकर वितरण किया गया।
Blogger Comment
Facebook Comment