आजमगढ़। जनपद में दो स्थानों पर 24 घंटे के भीतर हए मार्ग दुर्घटनाओं में बाइक सवार सब्जी व्यवसायी सहित दो युवकों की मौत हो गई। दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए। सरायमीर थाना क्षेत्र के कौरागहनी निवासी 33 वर्षीय जुबेर पुत्र मुस्ताक रविवार की सुबह करीब 7.30 बजे घर से दवा लेने के लिए मार्टीनगंज जाने की बात कह कर बाइक लेकर निकला था। अभी वह घर से कुछ ही दूरी पर पहुंचा था कि विपरीत दिशा से आ रहे पिकअप वाहन की चपेट में आकर जुबेर गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद पिकअप वाहन मौके से भागने में कामयाब रहा। सड़क पर पड़े घायल को देख स्थानीय लोग उसे मार्टीनगंज पीएचसी ले गए। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के दो पुत्र व एक पुत्री बताए गए हैं। परिवार की आजीविका चलाने के लिए वह सब्जी बेचने का कार्य करता था। इसी क्रम में अतरौलिया बाजार के पास शनिवार की दोपहर ट्रक की चपेट में आ जाने से घायल हुए बाइक सवार को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र से रेफर कर दिए जाने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचाराधीन युवक ने देरशाम इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक शेखराज चौहान (30) पुत्र हनुमान तहबरपुर थाना क्षेत्र के खरचलपुर गांव का रहने वाला था। दुर्घटना के वक्त वह बाइक से अतरौलिया क्षेत्र निवासी रिश्तेदार के घर जा रहा था। मृतक के दो पुत्र बताए गए हैं।
Blogger Comment
Facebook Comment