बूढऩपुर-आजमगढ। अलग-अलग स्थानों पर हुये हादसों में दो की मौत हो गयी। जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों के शव को सम्बन्धित थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव उनके परिजनों को सौंप दिया गया। एक हादसा अतरौलिया थानाक्षेत्र के अतरैठ बाजार के पास हुआ। इस हादसे में मृत व्यक्ति का नाम राजकुमार उम्र 45 वर्ष पुत्र जगलाल है। वह इसी थानाक्षेत्र के दारूपुर गांव का रहने वाला था। शुक्रवार को वह कहीं से वापस घर लौट रहा था। अतरैठ बाजार के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गयी और वह घायल हो गया। स्थानीय लोग उसे लेकर स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर गये जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एक हादसा कप्तानगंज थानाक्षेत्र के रानीपुर बाजार में हुआ। यहां पर दीप नारायण के घर फैजाबाद से बारात आयी हुई थी। डीजे की धुन पर लोग नाच रहे थे। इसी दौरान उधर से गुजर रही ट्रक की चपेट में आने से 72 वर्षीय एक वृद्घ व्यक्ति की घटना स्थल पर ही मौत हो गयी। मृत व्यक्ति का नाम लालजी पाण्डेय पुत्र दानबहादुर पाण्डेय है। वह अम्बेडकरनगर जिले के शाहपुर भीटी का रहने वाला था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एक हादसा कप्तानगंज थानाक्षेत्र के मोलानाथपुर गांव के पास हुआ। इस हादसे में अनियंत्रित बाइक के धक्के से साइकिल सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हो गया। यह हादसा उस वक्त हुआ जब वह बाजार से वापस घर लौट रहा था। घायल व्यक्ति का नाम मुरली कुमार उम्र 46 वर्ष पुत्र रतनलाल है। वह कप्तानगंज थानाक्षेत्र के ही नोनावे गांव का रहने वाला है।
Blogger Comment
Facebook Comment