.

CRIME & ACCIDENTS: अपराध व दुर्घटना की संक्षिप्त खबरें.....

शौचालय निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरकर वृद्ध की मौत
आजमगढ़ : कप्तानगंज थाना क्षेत्र के रसूलपुर पासीपुर गांव में बुधवार की रात शौचालय निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरकर वृद्ध हरिलाल (65) की मौत हो गई। गुरुवार की सुबह लोगों ने वृद्ध को गड्ढे में मृत हालत में पड़ा देखा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उक्त ग्राम निवासी हरिलाल पुत्र स्व. धनेश्वर बुधवार की रात किसी समय गांव में एक व्यक्ति के यहां शौचालय निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में गिर पड़ा। रात होने के कारण घायल की चीख भी लोग सुन नहीं सके। गुरुवार की सुबह हरिलाल को गड्ढे में मृत हालत में पड़ा देख गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर मुकामी पुलिस वहां पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के छह पुत्रियां बताई गई है। इस घटना से मृतक के घर कोहराम मचा हुआ है।

संदिग्ध परिस्थितियों में दंपती समेत तीन झुलसे 
आजमगढ़ : संदिग्ध परिस्थितियों में झुलसे दंपती को गुरुवार की दोपहर गंभीरावस्था में परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं भोजन बनाने समय झुलसी 14 वर्षीय किशोरी का भी जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
मऊ जिले के मोहम्मदाबाद थानांतर्गत कोठिया ग्राम निवासी पतिराम की पुत्रवधू आरती देवी (30) पत्नी मनोज गुरुवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में झुलस गई। आग की लपटों से घिरी पत्नी को बचाने में पति मनोज भी झुलस गया। स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र से रेफर कर दिए जाने पर परिजनों ने झुलसे दंपती को दोपहर करीब 3.30 बजे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। झुलसे दंपती की हालत गंभीर बताई गई है। वहीं अहरौला थाना क्षेत्र के दरारी गांव में गुरुवार की सुबह चूल्हे पर भोजन बनाते समय काजल (14) पुत्र पुजारी कपड़ों में आग पकड़ लेने के चलते गंभीर रूप से झुलस गई। नजदीकी अस्पताल से रेफर कर दिए जाने पर परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

जहर निगलने से विवाहिता अचेत
आजमगढ़ : अज्ञात कारणों से जहर निगलकर अचेत हुई विवाहिता अनिता को परिजनों ने गुरुवार की दोपहर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के मिजाईपुर ग्राम निवासी राजेश की पत्नी अनिता ने गुरुवार की सुबह अज्ञात कारणों से क्षुब्ध होकर विषाक्त पदार्थ निगल लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले गए जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देख जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।

चोरी की गयी बाइक बरामद करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर लिया गया 
चक्रपानपुर (आजमगढ़) : जहानागंज थाने की पुलिस ने क्षेत्र के डीहां बाजार से बीते 11 नवंबर को चोरी गई बाइक बरामद करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। जबकि उसके दो साथी भागने में कामयाब रहे। 
क्षेत्र के डीहां ग्राम निवासी जगराम यादव स्थानीय बाजार में पेंट का व्यवसाय करते हैं। बीते 11 नवंबर की रात करीब आठ बजे उनकी दुकान के बाहर खड़ी बाइक चोरी चली गई। इस मामले में पीड़ित ने अज्ञात के खिलाफ मुकामी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। बुधवार की शाम चक्रपानपुर चौकी प्रभारी हरेंद्र यादव क्षेत्र भ्रमण पर निकले थे। शाम करीब पांच बजे नयनपुर (शमशेरपुर) गांव के पास एक बाइक पर सवार तीन युवकों को आते देख उन्होंने संदेह वश उन्हें रोका तो तीनों बाइक छोड़कर पैदल भागने लगे। उपनिरीक्षक के हमराही ने दौड़ाकर एक युवक को पकड़ लिया जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस के हाथ लगा कन्हैया सोनकर डीहां गांव का निवासी है। उसके कब्जे से चोरी गई जगराम यादव की बाइक पुलिस ने बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने पकड़े गए आरोपी के साथ ही फरार हुए बहादुर यादव निवासी स्थानीय ग्राम जलालपुर तथा उसके रिश्तेदार पन्ना यादव निवासी ग्राम कारूपार थाना चिरैयाकोट जिला मऊ के खिलाफ वाहन चोरी की रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment