आजमगढ़: पानी की कमी से परेशान जनपद के किसानों की आकांक्षा पूरी करते हुए शनिवार की सुबह से प्रकृति ने जमकर जलावृष्टि की। रूक - रूक कर हुई भारी बरसात से पूरा शहर पानी पानी हो गया जिससे लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। बरसात से शहर के अधिकांश लोग घरों में रहकर रेनी डे का आनन्द उठाते रहें। कुछ खुली दुकानों पर ग्राहकों का टोटा दिखा। एक ही दिन की तेज बरसात से शहर की नयी बनी सड़कें भी खराब हो गयी। सुन्दरीकरण के लिए शहर के तटबन्धों पर लगायी इण्टर लाकिंग भी कहीं कहीं धंसने लगी है। काली चौरा से कालीनगंज नव निर्मित पिच सड़क का बुरा हाल हो गया। पिच उखड़ गयी गढ़ढे ही गढ़ढे नजर आ रहे हैं जिसमें भरा बरसात का पानी आने जाने वाले वाहनों और लोगों के लिए खतरनाक साबित हो रहा है। सिविल लाइन से चौक तक की सड़क से जगह-जगह पिच उखड़ने लगी है। महिला चिकित्सालय एवं सूरज सिनेमा हाल के निकट सड़क पर बना गढ़ढा लोगों के लिए कष्टकारी साबित हो रहा है। कभी भी जान लेवा हो सकता है। पुलिस आफिस से सपा कार्यालय तक तथा गाँधी पार्क और अराजीबाग तक जल जमाव से सैलाब सा बन गया है। डीएवी मैदान तो तालाब जैसा हो गया है। भारी बरसात से शहर को घेरे हुए तमसा नदी में भी जलस्तर बढ़ने लगा है। काली चौरा के पास तटबन्ध काट कर वहाँ बसी कालोनियों के लिए रास्ता बना दिया गया है और शहर के हथिया ग्राम के लिए कालीनगंज के निकट नव निर्मित पुल और पहुंच मार्ग से भी नगर सुरक्षा बांध प्रभावित हुआ है। बाढ़ से नगर सुरक्षा को मजबूत करने के उपायों सहित शहर के निचले हिस्सों से जल निकालने हेतु लगे पम्प हाउसों को भी सक्रिया मोड में रखने की तैयारी कर प्रशासन को कर लेनी होगी। सुरक्षा उपाय तैयार रहेंगे नागरिकों को परेशानियों से बचाया जा सकेगा।
Blogger Comment
Facebook Comment