आजमगढ़ : केंद्र सरकार की योजनाएं किसान के जीवन में एक गुणात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में अग्रसर है, जो भारत को बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगी। प्रधानमंत्री जी का मानना है कि भारत एक कृषि प्रधान देश है, यहां की अर्थव्यवस्था कृषि पर आधारित है, इसलिए इस देश का विकास तभी पूर्ण होगा जब यहां के गांव, गरीब, किसान का विकास हो। हमारी सरकार इस दिशा में अनेक महत्वपूर्ण कदम उठा रही है जो किसानों के जीवन स्तर सुधारने में मील का पत्थर साबित होगी। उक्त बातें भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के राष्ट्रीय प्रभारी धनंजय सिंह ने बुधवार को मड़या स्थित होटल के सभागार में पत्र प्रतिनिधियों से वार्ता के दौरान कही। श्री सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत करना चाहती है, उनको देश के विकास के मुख्य धारा से जोड़ना चाहती है, लेकिन वर्तमान में उप्र की सपा सरकार राजनैतिक कारणों से केंद्र द्वारा किसानों के हित के लिए बनाये गये योजनाओं को लागू करने में विलम्ब कर रही है। जिससे प्रदेश का किसान बदहाल है। केंद्र सरकार ने किसानों की आय को 2022 तक दो गुना करने का लक्ष्य बनाया है। जिसमे नौ लाख करोड़ किसानों को आर्थिक सहायता के लिए व 15 हजार करोड़ कृषि ऋण के ब्याज में कमी लाने का फैसला भी शामिल है। एक सवाल का जवाब देते हुए सिंह ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के खाट सभा पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज किसानों की जो समस्याएं है उसका जिम्मेदार कांग्रेस सरकार ही है, किसानों की बदहाली और उनको कर्जदार बनाने का काम कांग्रेस ने ही किया है। प्रेसवार्ता में जिलाध्यक्ष प्रेमप्रकाश राय, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य देवेंद्र सिंह, ठाकुर प्रसाद सिंह, लक्ष्मण मौर्या, बृजेश यादव, विन्रमसेन सिंह, पवन कुमार सिंह आदि उपस्थित रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment