-अमर सिंह का विरोध करने वाले लोग इस जिले के विकास के दुश्मन हैं - आजमगढ़: सपा के नव नियुक्त राष्ट्रीय महासचिव अमर सिंह के समर्थकों की एक बैठक शुक्रवार को समाजसेवी वीरभद्र प्रताप सिंह के राहुल नगर मड़या स्थित आवास पर हुई। इस बैठक में अमर सिंह के सपा के राष्ट्रिय महासचिव पद पर मनोनयन पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसके लिए सपा सुप्रीमों मुलायम सिंह यादव के प्रति आभार ज्ञापित किया गया। बैठक को सम्बोधित करते हुए वीरभद्र प्रताप सिंह ने कहा कि अपनी माटी के लाल अमर सिंह को पुन: सपा के राष्ट्रीय महासचिव पद पर देखकर समूचा आजमगढ़ गौरवान्वित हैं। उन्होंने कहा कि अमर सिंह आजमगढ़ के गौरव हैं तथा वह हमेशा आजमगढ़ और उसके विकास के बारे में ही सोचते हैं। उन्होंने ने कहा कि सपा सुप्रीमों समाजवादी आन्दोलन के साथ-साथ राजनीति के भी महायोद्धा हैं। मुलायम सिंह अगर अमर सिंह को पुन: पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव बनाये हैं तो उसके पीछे निश्चित उनकी दूरगामी सोच होगी, अमर सिंह के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले सपा और मुलायम सिंह के नहीं हो सकते। वकील महेन्द्र सिंह ने कहा कि समाजवादी सोच के हर व्यक्ति को सपा सुप्रीमों मुलायम सिंह यादव के हर फैसले का सम्मान करना चाहिए। गंगोत्री होटल के मालिक रामबचन सिंह ने कहा कि जो लोग आजमगढ़ के गौरव अमर सिंह के मनोनयन पर टिप्पणी कर रहे हैं वह लोग इस जिले के विकास के दुश्मन हैं और वह ऐसा करके खुद अपना अपमान कर रहे हैं। समाज सेवी आलोक सिंह ने कहा कि सपा सुप्रीमों मुलायम सिंह के फैसले की खिलाफत करने वाले लोग समाजवाद की खिलाफत कर रहे हैं और वह लोग समाजवादी आन्दोलन को कमजोर करने का काम कर रहे हैं। बैठक में उपस्थित अन्य प्रमुख लोगों में रमेश सिंह, उपेन्द्र राय, अमित गुप्ता, देवेन्द्र सिंह, पीयूष सिंह, प्रमोद कुमार सिंह, सुरेश वर्मा, श्रवण कुमार गुप्ता, मुन्ना सिंह, राजनाथ सिंंह आदि रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment