आजमगढ़ : आजमगढ़-गाजीपुर मार्ग पर बाइक सवार बदमाश अज्ञात बदमाशों ने दो किन्नरों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी जिससे एक किन्नर की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि दूसरा गम्भीर रूप से घायल हो गया। घायल किन्नर का इलाज शहर के एक प्राईवेट अस्पताल में चल रहा है। मिली जानकारी के अनुसार सिधारी थाना क्षेत्र के समेदा निवासी किन्नर गीता (50) और संगीता जहानागंज गयी थी और आटो रिक्शा से वापस घर लौट रही थी। आटो जैसे ही जहानागंज थाना क्षेत्र के गोधौरा गांव के पास पहुंचा बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने आटो को ओवरटेक करके रोका और दो बदमाश बाइक से उतरे और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दिये और फरार हो गये। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कम्प मच गया और देखते ही देखते लोगों की भीड़ वहां जुटने लगी। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक किन्नर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल किन्नर का उपचार एक प्राईवेट अस्पताल में चल रहा है। एसपी सिटी विजय टाडा ने बताया कि प्रथम दृष्टया कारण आपसी वर्चस्व के विवाद का लग रहा है। इस सम्बन्ध में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। गौर तलब है की एरिया बांटने को लेकर पिछले 02 वर्षों से आजमगढ़ के किन्नरों में काफी विवाद रहा है।
Blogger Comment
Facebook Comment