सड़कों पर जगह-जगह हुआ जल जमाव
आजमगढ़। भीषण गर्मी से परेशान लोगों को बीती रात करीब 3 बजे तेज हवा के साथ हुई बारिस ने राहत पहुँचायी लेकिन शासन-प्रशासन के साथ पालिका प्रशासन की पोल खोल कर रख दी। नालियों की साफ-सफाई व नगर के सुन्दरीकरण का दावा करने वाले प्रशासन व पालिका को निरूत्तर कर दिया। सड़कों पर जगह-जगह जल जमाव दिन में भर बना रहा। डीएवी खेल मैदान तो जल-जमाव से लबालब हो गया। नगरपालिका कार्यालय परिसर सहित अधिशाषी अधिकारी के आवास के सामने भारी जल जमाव देखा गया। तेज आँधी के साथ हुई बरसात ने आम की फसल को काफी नुकसान पहुँचाया है। कई जगह पेड़ उखड़ गये। बिजली के खम्भे भी प्रभावित हुए हैं।
मई माह के तीसरे सप्ताह में हुई पहली बारिश से तापमान में गिरावट आयी है जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। जानलेवा गर्मी से तपते खेतों में थोड़ी नमी आयी और इंसानों के साथ जीवजन्तु व पेड़ पौधों को भी जीने की आस बँध गयी। नगर को जल-जमाव से मुक्त रखने के लिए नालियों की सफाई के साथ जल विकास के साधनों को दुरूस्त करने के लिए काम किया जाना चाहिए। नगर में अतिक्रमण के चलते-जल निकास के बड़े-बड़े नाले बन्द हो गये हैं। नालों पर मकान बन गये हैं। नगर की पोखरियाँ अस्तित्व खोती जा रही है जिनमें पहले नगर का पानी स्वत: मार्ग तलाश कर पानी एकत्रित हो जाता था और नगर जल जमाव से मुक्त रहता था। नगर के सिविल लाइन्स स्थित कोईरी पोखरा, मातबरगंज स्थित लालडिग्गी पोखरी, कुन्दीगढ़ स्थित अतलस पोखरा, चाड़िका पोखरा, सहित अनेक पोखर पोखरियां अतिक्रमण की शिकार हो गयी। मुकेरीगंज में जल निकास के कई नालों पर तो बिल्डिंग खड़ी हो गयी है। आजमगढ़ नगर में पिछले 35 वर्षों से सिवरेज सिस्टम पर काम हो रहा परन्तु अभी तक यह कारगर नहीं हो सका सरकार का इस पर करोड़ों रूपये भी खर्च हो चुके हैं।


Blogger Comment
Facebook Comment