.

भाई की शादी से गायब युवक का फंदे से लटकता मिला शव


मुहम्मदपुर (आजमगढ़) : गंभीरपुर थाना क्षेत्र के धन्नीपुर विसयां व छाऊं गांव के बीच स्थित बबूल के पेड़ पर सोमवार की सुबह गमछे के सहारे लटकता युवक का शव देख क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की जेब से मिले कागजातों के आधार पर उसकी शिनाख्त संभव हो सकी। मृतक बरदह थाना क्षेत्र के सोहौली गांव का रहने वाला था और रविवार की शाम धन्नीपुर विसयां गांव में आयोजित छोटे भाई की शादी में शामिल होने आया था। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। बरदह थाना क्षेत्र के सोहौली ग्राम निवासी भिखारी राम के सात पुत्रों में सबसे छोटे चंद्रशेखर की शादी धन्नीपुर विसयां ग्राम निवासी श्रीराम की पुत्री शिखा भारती के साथ तय हुई थी। रविवार को सोहौली गांव से बरात धन्नीपुर विसयां के लिए रवाना हुई। बरात में दूल्हे का बड़ा भाई व पेशे से बाइक मैकेनिक रामधनी (26) भी शामिल था। रात में भोजन के बाद वैवाहिक रश्म पूरी करने के लिए परिवार के लोग विवाह मंडप में पहुंचे। शादी संपन्न होने पर सुबह बरात विदा हुई। इस दौरान रामधनी को गायब देख परिवार के लोगों ने सोचा की रात में वह अन्य बरातियों के साथ वापस घर लौट गया होगा। सोमवार की सुबह रामधनी का शव धन्नीपुर विसयां व छाऊं गांव के बीच बबूल के पेड़ पर गमछे के सहारे लटकता मिला। शव मिलने की सूचना पाकर मृतक के रिश्तेदार भी मौके पर पहुंचे गए और शिनाख्त के बाद इसकी सूचना मृतक के परिजनों को दी गई। मौत की सूचना पाकर मृतक के घर कोहराम मच गया। परिवार में खुशियों की जगह पल भर में मातम छा गया। परिजन भागकर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। इस मामले में धन्नीपुर ग्राम निवासी व दुल्हन शिखा के भाई रंजीत द्वारा गंभीरपुर थाने में तहरीर दी गई है। मृतक के तीन पुत्रियां बताई गई हैं। 
Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment