आजमगढ़ : दरिंदगी के शिकार झुलसे महताब को आखिरकार रविवार की दोपहर मौत ने मात दे दी। गौरतलब है कि जहानागंज थाना क्षेत्र के बड़हलगंज गांव निवासी महताब अली (18) बीते बुधवार की रात घर के दरवाजे पर सोया था। परिजनों का आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके चारपाई पर पेट्रोल डाल उसे जिन्दा जलाने की कोशिश की थी और आग की लपटों से घिरे महताब के शोर मचाने पर हमलावर मौके से भाग खड़ा हुआ। परिजनों ने पुलिस को सूचना देने के बाद देररात उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जीवन और मौत से संघर्ष कर रहे महताब ने रविवार की दोपहर उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक मां-बाप का इकलौता पुत्र था। तीन छोटी बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताते हैं कि आरक्षी भर्ती के लिए वह फैजाबाद में हुई दौड़ प्रतियोगिता में सफल हो चुका था और परिवार वालों को उसकी नौकरी का इंतजार था। घटना से पूर्व बुधवार की शाम वह पड़ोसी गांव बारीगांव स्थित खेल मैदान में दौड़ने गया था। वापस लौटते समय गांव के ही एक युवक सहित तीन लोगों ने उसे रोका था और दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इस मामले में परिजनों का आरोप है कि पुलिस मामले को गम्भीरता से नहीं ले रही है।

Blogger Comment
Facebook Comment