लगभग एक दर्जन हिरासत में
सरायमीर व गंभीरपुर थाने में भी दर्ज हुए मुकदमें
हिंसा में घायल सीओ व अन्य से मिले एडीजी पूछा हालचाल
एसटीएफ ने भी किया जिले में कैंप, सरायमीर व निजामाबाद क्षेत्र में पसरा सन्नाटा
आजमगढ़। खोदादादपुर हिंसा की कमान एडीजी कानून व्यवस्था के संभालने के बाद उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाईयां तेज हो गयी है। अब तक दर्जनभर लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका हैं। वहीं लगातार मुकदमें भी दर्ज किये जा रहे है। मंगलवार की सुबह एडीजी ने लाइफ लाइन अस्पताल पहुंचकर घायल सीओ सिटी से मुलाकात की। इसके बाद जिला अस्पताल जाकर घायलों का हाल पूछा। हिंसा प्रभावित क्षेत्रों में पूरी तरह सियापा पसरा रहा।
बता दें कि शनिवार को खोदादापुर में हुई सांप्रदायिक हिसा की आग आसपास के क्षेत्रों में भी फैलने के बाद सोमवार से एडीजी कानून व्यवस्था दलजीत चौधरी ने कमान अपने हाथ में ले ली है। सोमवार को हिंसा प्रभावित क्षेत्रों में फ्लैग मार्च और देर शाम सरायमीर थाने में पीस कमेटी की बैठक की। इसके बाद मंगलवार को एडीजी कानून व्यवस्था जिला मुख्यालय पहुंचे। यहां पुलिस लाइन परिसर में अधिकारियों से वार्ता के बाद लाइफ लाइन अस्पताल गये। यहां उन्होंने गोली लगने से घायल सीओ सिटी से मुलाकात कर हालचाल पूछा। फिर वे जिला अस्पताल गये यहां उपद्रव के दौरान घायल होकर भर्ती लोगों ने मुलाकात की। एडीजी ने सभी सभी को न्याय का भरोसा दिलाया। वहीं दूसरी तरफ हिंसा प्रभावित क्षेत्र में पूरी तरह सन्नाटा पसरा रहा। चारो तरफ सिर्फ अर्धसैनिक बाल के जवान अथवा पीएसी दिखाई दी। दुकानें पूरी तरह बंद रही। लोग घरों से नहीं निकले। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। अब तक दर्जनभर लोग गिरफ्तार किये जा चुके है। वहीं सरायमीर थाने में चौबीस घंटे के भीतर पांच तथा गंभीरपुर में एक मुकदमा दर्ज किया गया है। हालात को देखते हुए एसटीएफ को भी बुला लिया गया है। एसटीएफ सीओ ज्ञानेंद्र प्रसाद व इंस्पेक्टर विपिन राय जिला मुख्यालय पर कैंप किये हुए है। इंस्पेक्टर विपिन राय ने बताया कि हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास जारी है।

Blogger Comment
Facebook Comment