.

विरोध के चलते प्रेमी युगल ने मौत को लगाया गले


बरदह : आजमगढ़ : प्रेम को मंजिल नहीं मिली तो प्रेमी युगल ने मंगलवार की भोर में गांव के गांव की सिवान में पोखरी पर जाकर जहर खा लिया। सुबह दैनिक क्रिया से निवृत्त होने सिवान में पहुंचे लोगों ने लड़की का शव देखा तो आवाक रह गये। थोड़ी ही दूर पर लड़का भी जिंदगी और मौत से जूझता मिल गया। आनन-फानन लोग उसे अस्पताल के लिए लेकर निकले लेकिन रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर लौट आये और दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया।
घटना थाना क्षेत्र के गोड़हरा गांव की है। उक्त गांव निवासी जितेंद्र 20 पुत्र राम नरेश गांव की ही एक 17 वर्षीय लड़की से प्रेम करता था। दोनों ही शादी के बंधन में बंधना चाहते थे लेकिन परिवार के लोग इस रिश्ते के खिलाफ थे। उन्होंने दोनों के मिलने पर पाबंदी लगा दी थी। इससे दोनों विचलित हो गये थे। समाज और परिवार ने साथ जीने का मौका नहीं दिया तो दोनों ने साथ मरने की ठान ली और मंगलवार की भोर में चार बजे घर से निकल गये। दोनों गांव की सिवान में स्थित गाजी पोखरी पर पहुंचे और जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया।
भोर में करीब 4.30 बजे जब गांव के लोग दैनिक क्रिया से निवृत्त होने के लिए पोखरी पर गये तो वहां लड़की का शव देख सन्न रह गये। उनकी सूचना पर गांव के सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच गये। तभी किसी की नजर कुछ दूर पड़े जितेंद्र पर पड़ी। उस समय उसकी सांसे चल रही थी। आनन फानन लोग उसे अस्पताल के लिए लेकर रवाना हो गये लेकिन रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया। युवक की मौत के बाद लोग शव लेकर घर लौट आये। आपस में बातचीत के बाद दोनों के परिजनों ने पुलिस को मामले से दूर रखने का निर्णय लिया और शव का अंतिम संस्कार जौनपुर में कर दिया। घटना से गांव में मातम पसरा है।
Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment