जीयनपुर (आजमगढ़): दोहरीघाट-गोरखपुर मार्ग पर गुरुवार की सुबह ओवरटेक के दौरान बोलेरो ने धक्का मार दिया जिससे आटो पलट गया। इस हादसे में खुशबू (19) निवासी रामगढ़ सतना, मऊ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुर्जन (55) निवासी रौनापार थाना के सिरही ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। हादसे में मां और उनकी तीन बेटियों सहित आधा दर्जन लोग घायल भी हुए हैं। सभी का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। इनमें दो की चोट गंभीर बताई गई है। दुर्घटना की वजह सड़क के किनारे पड़ी गिट्टी को बताया जा रहा है। पीड़ित परिवारों में कोहराम मचा रहा। दरअसल, सुर्जन की पोती किरन की शादी 26 अप्रैल को है। शादी का निमन्त्रण बांटने वह आटो से दोहरीघाट जा रहे थे। आटो में मऊ के रामगढ़ सतना की खुशबू सहित और कई लोग भी सवार थे। दोहरीघाट-गोरखपुर मार्ग पर आटो आगे-आगे जा रहा था। इसी बीच पीछे से तेज गति से जा रही बोलेरो ओवरटेक करने लगी। चूंकि सामने सड़क पर गिट्टी गिरा हुआ था ऐसे में आटो चालक ने वाहन को थोड़ा सा दाहिने किया। इससे पीछे से आ रही बोलेरो से धक्का लग गया। धक्का लगते ही टेंपों सड़क के किनारे पलट गया। हादसे के बाद चालक बोलेरो लेकर भागने में सफल रहा, जबकि हादसा स्थल पर चीख-पुकार मच गई। यह देख आस-पास के लोग दौड़ पड़े। किसी तरह सभी को बाहर निकाला लेकिन मौके पर ही खुशबू की मौत हो चुकी थी। आनन-फानन सभी घायलों को अलग-अलग स्थानों पर ले जाया गया। अजमतगढ़ पीएचसी से रेफर किए गए सुर्जन के भी प्राण पखेरू जिला अस्पताल पहुंचते-पहुंचते उड़ गए। उधर हादसे की जानकारी से पीड़ित परिवारों में कोहराम मच गया। मौके के साथ ही अस्पताल पर भी लोगों का मजमा लगा रहा। पुलिस भी घायलों की मदद में लगी रही। घायलों में कौशल्या देवी निवासी घोसी, उनकी पुत्री तीसा, मनीषा व निषा शामिल हैं।
Blogger Comment
Facebook Comment