मंत्री बलराम यादव ने मौके पर तत्काल पहुंच मदद का दिलाया भरोसा
अहरौला (आजमगढ़) : क्षेत्र के अवर्षन गांव की यादव बस्ती में गुरुवार को लगभग साढ़े तीन घंटे तक आग ने भारी तबाही मचाई। 17 परिवारों की पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई। पीड़ित परिवारों के पास तन के कपड़ों के अलावा कुछ नहीं बचा। बड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों की मदद से फायरब्रिगेड कर्मियों ने आग पर काबू पाया। अगलगी की घटना में लाखों की क्षति बताई गई है। सूचना मिलते ही माध्यमिक शिक्षा मंत्री बलराम यादव के अलावा एडीएम एफआर बृजेश कुमार सहित अन्य तहसील कर्मी भी पहुंच गए और पीड़ित परिवारों को सहायता राशि देने की बात कही। दिन में 11 बजे गांव के बाहर बांस की खूंटी की लगी चिंगारी में पछुआ हवा ने आग में घी डालने का काम किया। मवेशियों के रहने वाले एक मड़हे पर गिरी ¨चगारी शोला बन धधक गई। धीरे-धीरे एक-एक कर लगभग 17 परिवारों की रिहायशी मड़हे, कच्चे व पक्के मकान को अपनी चपेट में लिया। बूढ़नपुर, जिला मुख्यालय व फूलपुर से फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से लगभग 03 बजे आग पर काबू पाया जा सका। इस घटना में रामसरन, सियाराम, अवधराज, बहादुर, विजई, रामनरायन, हरिनरायन, गुल्लू, पड़ोही, बटोही, सुदामा देवी, जयप्रकाश, रामचरन, झिनकू, नंदलाल, रामशब्द व नेबुला की पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई। माध्यमिक शिक्षा मंत्री ने पीड़ित परिवारों को लोहिया आवास के लिए सूची बनाने के लिए कहा। साथ ही क्षति का आंकलन कर शुक्रवार को मौके पर ही सहायता राशि का चेक देने का निर्देश दिया। एडीएम एफआर ने तहसीलदार बूढ़नपुर सीएल ¨सह व कानूनगो बृजराज यादव को निर्देश दिया कि वे गांव में रहकर पीड़ित परिवारों के खाने-पीने की व्यवस्था करें।
आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
Blogger Comment
Facebook Comment