.

प्राथमिक विद्यालय के 6 वर्षीय छात्र की कुएं में गिरने से मौत, शिक्षकों पर लापरवाही का आरोप

ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगाया 

आजमगढ़ : पवई थाना क्षेत्र के भुलेसरा-सुल्तानपुर गांव के प्राथमिक विद्यालय पर मंगलवार को पढ़ने गए छह वर्षीय छात्र की विद्यालय के पीछे स्थित निष्प्रायोज्य कुएं में गिरकर मौत हो गई। घटना के बाद विद्यालय के शिक्षक विद्यालय छोड़ मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों द्वारा कुएं से शव को बाहर निकाला गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने शिक्षकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोपहर करीब दो बजे शव को सड़क पर रखकर पवई-मित्तूपुर मार्गअवरुद्ध कर दिया।  भुलेसरा सुल्तानपुर ग्राम निवासी व पेशे से वाहन चालक सत्यप्रकाश यादव का छह वर्षीय पुत्र निखिल गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा एक का छात्र था। मंगलवार की दोपहर करीब 12 बजे भोजनावकाश के दौरान शौच महसूस होने पर निखिल स्कूल के पीछे की ओर गया था। उसी दौरान वहां स्थित निष्प्रायोज्य कुएं में वह गिर पड़ा। उस दौरान वहां मौजूद बच्चों के शोर मचाने पर लोग भागकर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के जुटने से पूर्व विद्यालय के शिक्षक मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। दोपहर करीब दो बजे ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। इसकी सूचना पाकर एसडीएम व सीओ फूलपुर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने विद्यालय के शिक्षकों पर लापरवाही व संवेदनहीनता का आरोप लगाया। प्रशासनिक  अधिकारियों ने शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन देकर शाम करीब छह बजे जाम समाप्त कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। मृत बालक के घर कोहराम मचा हुआ है। मृतक दो भाई-बहन में बड़ा था।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment