
आजमगढ़. मध्य प्रदेश के राज्यपाल रामनरेश यादव ने जेएनयू प्रकरण पर दो टूक कहा कि इस मामले में जो भी दोषी है उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। इसकी आंच दूसरी जगह फैली तो परिणाम खतरनाक होंगे। वे शुक्रवार को शहर के सिविल लाइन स्थित स्व. भृगुराज सिंह शिक्षण सेवा संस्थान का उद्घाटन करने पहुंचे थे। राज्यपाल ने कहा कि जेएनयू मुद्दे को लेकर पूरे देश में राजनीतिक हलचल मची हुई है। यह बहुत ही खतरनाक परिस्थिति है। सरकार को इस परिस्थिति से देश को निकालने का प्रयास करना चाहिए। यदि सरकार इस मामले में कड़ाई से निपटती है तो मामला खुद-ब-खुद शांत हो जायेगा। थोड़ी सी ढिलाई खतरनाक स्थिति उत्पन्न करेगी। इसलिए सरकार शख्ती से निपटे। इस मामले में सरकार के रवैये के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा कि सरकार में तमाम लोग शामिल हैं। उसमें नेता भी हैं, बुद्धिजीवी हैं, अधिकारी हैं, जज हैं सब मिलकर निश्चित तौर पर प्रयास कर रहे हैं। आजमगढ़ के संबंध में उन्होंने कहा कि यह उनका जन्मस्थल है। इससे उनका विशेष लगाव है लेकिन परिस्थितियों के चलते यहां समय देना संभव नहीं हो पाता। उन्होंने समाजसेवी ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू द्वारा स्व. भृगुराज सिंह शिक्षण सेवा संस्थान के स्थापना पर बधाई दी। इस दौरान वीरेंद्र सिंह, आरपी राय, मुन्नू यादव, सुनील सिंह, गनेश राम प्रजापति, धनंजय सिंह बाउ, विजय सिंह, विजेंद्र सिंह, मदनलाल, अशोक तिवारी, नामवर सिंह, केसरी सिंह, बिहारी सिंह, अनुराग सिंह, मनोज पांडेय, राममूरत सिंह आदि उपस्थित रहे। इसके पूर्व राज्यपाल रामनरेश यादव चार्टर प्लेन से मंदुरी हवाई पट्टी पहुंचे जहां कांग्रेसियों ने उनका भव्य स्वागत किया।
आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
Blogger Comment
Facebook Comment