आक्रोशित भीड़ ने की तोड़फोड़, बोलेरो से तमंचा व कारतूस बरामद
पुलिस मान रही दुर्घटना, तमंचा बरामदगी को बता रही जांच का विषय
आजमगढ़। दो गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई इस हद तक पहुंच गयी कि गुरुवार को पूर्व प्रधान ने एक बाइक सवार को ग्राम प्रधान समझ बोलेरो से कुचल दिया। इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने बोलेरो में जमकर तोड़फोड़ की। हालात बेकाबू होते देख पूर्व प्रधान समर्थकों के साथ फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया। तलाशी के दैरान बोलेरो से तमंचा व कारतूस बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक धक्का लगना महज एक दुर्घटना है और तमंचा का बरामद होना जांच का विषय है। कारण कि जब पुलिस पहुंची तो वाहर स्वामी गायब था और प्रधान समर्थक मौजूद थे। जबकि प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि युवक को जानबूझकर धक्का मारा गया फिर उसकी कमर पर बोलेरो चढ़ा दी गयी। क्षेत्र में भारी तनाव है।
बताते हैं कि दीदारगंज थाना क्षेत्र के गुंवाई गांव में यादव व मौर्य जाति के लोगों के बीच लम्बे समय से वर्चस्व की लड़ाई चल रही है। पहले विजय बहादुर यादव पुत्र रामजीत गांव के प्रधान थे। हाल में हुए चुनाव में महेंद्र कुमार मौर्या ने विजय बहादुर को पराजित कर कुर्सी पर कब्जा कर लिया। गांव वालों की माने तो लम्बे समय से यादव व मौर्या लोग अलग-अलग होलिका दहन करते थे। पिछले 5 वर्ष से मौर्या लोगों की होलिका त्योहार से पूर्व ही मनबढ़ जला देते थे। इस बार मौर्या जाति के लोग होलिका दहन वाले दिन शाम से ही आसपास मौजूद थे। रात करीब 8 बजे पूर्व प्रधान पक्ष के कुछ लोग पहुंचे और होलिका जलाने का प्रयास किये। तभी वहां छिपे लोगों ने उन्हें दौड़ा लिया। सुनील यादव नामक एक युवक उनके हत्थे चढ़ गया। ग्रामीणों ने उसकी जमकर पिटाई की और मुकामी थाने में घटना के संबंध में तहरीर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गुरुवार की दोपहर क्षेत्र के सिपाही अमृतगंज बाजार से सुनील को पकड़कर थाने ले जा रहे थे। तभी वहां पूर्व प्रधान विजय बहादुर पहुंच गये। उन्होंने सुनील को छुड़ाने का प्रयास किया। तभी प्रधान महेंद्र कुमार मौर्य व उनके समर्थक भी मौके पर पहुंच गये। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस हो गयी। स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप किया तो मामला शांत हो गया। महेंद्र कुमार अपने कार्यालय में चले गये जबकि पूर्व प्रधान विजय बहादुर घर चले गये। बताते हैं कि कुछ समय बाद विजय बहादुर यादव बोलेरो से 8-10 लोगों के साथ वापस लौटे तभी क्षेत्र के समुद्रपुर गांव निवासी संतोष कुमार पुत्र राजेंद्र प्रसाद गौतम वहां से बाइक से गुजरा। आरोप है कि प्रधान के धोखे में बोलेरो सवार लोगों ने संतोष को धक्का मार दिया। जब वह बाइक लेकर गिरा तो जानबूझकर बोलेरो का एक पहिया उसकी कमर पर चढ़ा दिया। इस घटना के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे और उन्होंने बोलेरो में तोड़फोड़ शुरू कर दी। मौका देख पूर्व प्रधान व उसके समर्थक वाहन छोड़ फरार हो गये। घटना की जानकारी होने पर थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह मय फोर्स मौके पर पहुंचे और वाहन को कब्जे में ले लिया। तलाशी के दौरान बोलेरो के मैट के नीचे से तमंचा व कारतूस बरामद हुई। थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले में किसी पक्ष की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गयी है। घायल का उपचार फूलपुर में चल रहा है।
Blogger Comment
Facebook Comment