3 पिस्टल, सौ से अधिक कारतूस व हजारों रूपये बरामद
आजमगढ़। नगर कोतवाली पुलिस को आज एक बड़ी सफलता मिली जब मुखबिर की सूचना पर शहर कोतवाली पुलिस ने बैंक लूटने की फिराक में लगे 4 शातिर बदमाशों को उस वक़्त धर दबोचा जब वे बैंक लूटने ही जा रहें थे। पुलिस ने इनके पास से भारी मात्रा में अत्याधुनिक हथियार और कारतूस बरामद किया है। हालांकि इस गैंग के दो बदमाश पुलिस को देख मौके से भागने में कामयाब हो गये जिसमें से एक की शिनाख्त पुलिस द्वारा कर लिया गया है।
पुलिस द्वारा मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को दिन में करीब डेढ़ बजे शहर कोतवाली पुलिस को जरिये मुखबिर सूचना मिली कि बगैर नंबर की एक स्कार्पियो गाड़ी से आधा दर्जन बदमाश ब्रह्मस्थान क्षेत्र में मौजूद है और स्थानीय सयुक्त ग्रामीण बैंक को लूटने वाले है। मुखबिर की सटिक सूचना पर गौर करते हुए पुलिस सक्रिय हुई और इसकी सूचना पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को दी गयी। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और बदमाशों को घेर लिया। हालांकि पुलिस को आता देख गाड़ी में मौजूद दो बदमाश मौके से भागने में कामयाब हो गये। पुलिस ने गाड़ी को चारो तरफ से घेर लिया और उसमें मौजूद 4 बदमाशों को दबोच लिया। पकड़े गये बदमाशों में विशेष कुमार सिंह उर्फ विक्की, दीप्तेष कुमार सिंह उर्फ राकी सिंह पुत्रगण राधेश्याम सिंह निवासी रैदोपुर ठकुरहन थाना शहर कोतवाली, प्रमोद राय पुत्र महेन्द्र राय निवासी मऊकूतूबपुर थाना रौनापार (स्कार्पियो चालक) व मानसिंह मल्ल पुत्र स्व. स्वतंत्र कुमार मल्ल निवासी ग्राम कटघरा शंकर थाना मधुबन जनपद मऊ शामिल है। जबकि मौके से भागे दो बदमाशों में से एक की पहचान पुलिस ने सुजीत सिंह उर्फ भकोले सिंह पुत्र भगवान सिंह मूल निवासी टहर वाजिदपुर थाना कप्तानगंज हालमुकाम ग्राम उकरौड़ा थाना शहर कोतवाली आजमगढ़ के रूप में किया है जबकि दूसरे बदमाश की पहचान उसकी शक्ल से जल्द करने का दावा किया गया है।
पुलिस ने सफेद रंग की बगैर नम्बर की स्कार्पियो में से तीन अदद कैमरा, एक चेक बुक, सफेद धातु की बनी सुपारी 4 अदद एवं सफेद धातु का बना पान का पत्ता 2 अदद बरामद किया है। पुलिस ने पकड़े गये बदमाशों में से विशेष कुमार सिंह उर्फ विक्की के पास से 1 अदद पिस्टल 9 एम.एम, 2 अदद मैगजीन, 4 अदद जिंदा कारतूस 9 एम.एम, 1 अदद मोबाइल व 9 हजार रूपया नगद बरामद किया। मानसिंह मल्ल के पास से 1 अदद 9 एम.एम पिस्टल, 1 अदद मैगजीन, 5 कारतूस 9 एम.एम, 1 अदद मोबाइल व 7 हजार रूपया नगद बरामद हुआ। दीप्तेश कुमार सिंह उर्फ राकी सिंह के पास से 1 अदद पिस्टल 9 एम.एम, 1 अदद मोबाइल और 7 हजार रूपया बरामद किया। स्कार्पियो चालक प्रमोद राय के पास से पुलिस ने 1 अदद चाकू नेपाली खोल सहित, 3 अदद मैगजीन 32 बोर तथा 20 अदद कारतूस 32 बोर जिंदा बरामद किया। पुलिस ने पकड़े गये चारो बदमाश के पास से कुल 99 अदद कारतूस 32 बोर जिंदा बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि पकडे़ गये चारो बदमाश बेहद शातिर किस्म के अपराधी है। यदि ये पकड़े नही गये होते तो संयुक्त ग्रामीण बैंक ब्रह्मस्थान में डकैती डालकर जिले में भय व आतंक का माहौल पैदा कर देते। पकड़े गये अभियुक्त कई बार पूर्व में भी जेल जा चुके है। पकड़े गये बदमाशों को गिरफ्तार करने वाली टीम में नगर कोतवाली प्रभारी मोहम्मद ईसा खां, रोडवेज चैकी प्रभारी दीनानाथ पाण्डेय, सिविल लाइन चैकी प्रभारी महेन्द्र कुमार शुक्ला, पहाडपुर चैकी प्रभारी अरविन्द कुमार यादव, एलवल चैकी प्रभारी गोरखनाथ शुक्ला, ब्रह्मस्थान चैकी प्रभारी रामसुन्दर यादव, बलरामपुर चैकी प्रभारी प्रमोद कुमार यादव, कांस्टेबल आनन्द कुमार सिंह, नौमी प्रसाद, आफताब अहमद, सुरेन्द्र यादव आदि शामिल रहे। शुक्रवार को पुलिस को मिली इस बड़ी कामयाबी का खुलासा शनिवार को शहर कोतवाली में एसपी सिटी डा. विपिन ताडा ने किया। इस दौरान पूरे मामले में सक्रिय भूमिका निभाने वाले सीओ सिटी डा. के.के. सरोज भी मौजूद रहे। एसपी सिटी ने कहा कि इस बड़ी कामयाबी के लिए पुलिस टीम को पुरस्कृत करने के लिए वे पुलिस अधीक्षक व डीआईजी से संस्तुति करेंगे।


Blogger Comment
Facebook Comment