आजमगढ़. कप्तानगंज थाना क्षेत्र के गौरा गांव के पास दुर्घटना के मुआवजे को लेकर मनबढ़ों ने सोमवार की देर रात व्यवसायी को गोली मार दी। घायल व्यवसायी को जिला अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला पंजीकृत कर लिया है।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र पियरिया गांव निवासी हरिदर्शन यादव 25 पुत्र लालचंद की अतरौलिया थाना क्षेत्र के ईश्वरपुर पवनी बाजार के गौरा मोड़ पर साड़ी और जनरल स्टोर की दुकान है। सोमवार की रात करीब 11 बजे हरिदर्शन और उसका भाई संजय दुकान बंद कर घर के लिए निकले। संजय बाइक से और हरिदर्शन साइकिल से घर के लिए निकला। साइकिल चलाना न पड़े इसके लिए हरिदर्शन ने साइकिल पर बैठ रस्सी के सहारे बाइक से जोड़ा था । अभी वे अहरौला मार्ग पर स्थित एकडंगी बिहारपुर गांव के पास ही पहुंचे थे कि तभी दो युवक बाइक से आये और उनको रस्सी नजर नहीं आई और बाइक रस्सी में फंसकर पलट गई जिससे दोनो युवक घायल हो गये। साइकिल पलटने से हरिदर्शन को भी चोटे आई। वहीं बाइक चला रहा संजय दुर्घटना से अनजान रहा और आगे निकल गया। इधर बाइक सवार युवकों ने हरिदर्शन से बाइक को हुई क्षति का मुआवजा मांगना शुरू कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया। हरिदर्शन ने मुआवजा देने से मना किया तो एक युवक ने उसे गोली मार दी और बाइक लेकर फरार हो गया। संजय को जब हरिदर्शन के न होने का एहसास हुआ तो वापस लौटा तो हरिदर्शन को लहूलुहान हालत में देख आवाक रह गया। इसके बाद आनन फानन उसे जिला अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना को लेकर व्यवसायियों में भारी आक्रोश दिख रहा है।

Blogger Comment
Facebook Comment