आजमगढ़. क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष चुनाव में करारी मात खाई सपा ने विधानपरिषद चुनाव में पूरी ताकत के साथ उभर कर सामने आयी। मुलायम सिंह यादव के गढ़ में पार्टी प्रत्याशी राकेश यादव ने आजमगढ़-मऊ विधान परिषद सीट पर 2966 मत प्राप्त कर एकतरफा जीत हासिल की। भाजपा के महुआरी 998 मत प्राप्त कर दूसरे स्थान पर रहे। प्रत्याशी की एकतरफा जीत को देखते हुए परिणाम घोषण के पहले ही सपाई जश्न में डूब गये। पूरा नेहरूहाल क्षेत्र अबीर गुलाल से लाल हो गया।
बता दें कि आजमगढ़-मऊ एमएलसी सीट के लिए सपा से राकेश यादव, भाजपा से राजेश सिंह महुआरी व बसपा से चंदन सिंह चुनाव मैदान में थे। उक्त सीट के लिए तीन मार्च को मतदान कराया गया था। इसमें 4701 मतदाताओं में 93.89 प्रतिशत यानि 4404 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। आजमगढ़ सांसद मुलायम सिंह यादव सहित करीब 6.11 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट नहीं डाला था। रविवार को कड़ी सुरक्षा के बीच नेहरूहाल में मतगणना करायी गयी। राकेश यादव 2966 मत प्राप्त कर विजयी रहे। भाजपा के राजेश सिंह महुआरी 998 मत प्राप्त कर दूसरे स्थान पर रहे। वहीं बसपा के चंदन सिंह को मात्र 188 मत मिला। पार्टी प्रत्याशी की भारी बढ़त को देखते हुए सपाई पूर्वाह्न 11 बजे ही जश्न में डूब गये। ढोल ताशे के साथ कार्यकर्ता एक दूसरे पर अबीर गुलाल उड़ाते रहे। पार्टी के विधायक भी जश्न में डूबे नजर आये। सपा के लोगों ने राकेश की जीत को समाजवादी नितियों की जीत करार दिया।

Blogger Comment
Facebook Comment