धोखेबाजी कर 84 लाख रुपये का गबन करने का आरोप
आजमगढ़। बीनापारा स्थित यूनानी मेडिकल कालेज के प्रबंधक द्वारा 84 लाख रुपये का गबन किया गया है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपी प्रबंधक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बताते हैं कि सरायमीर थाना क्षेत्र में स्थित बीनापारा इंटर कालेज के प्रबंधक शौकत अली पुत्र वाजिद अली ने अभिलेखों में फेरबदल कर गलत ढंग से मेडिकल कालेज के प्रबंधक के तौर पर अपना हस्ताक्षर प्रमाणित करा लिया। इसके बाद 2014 में कालेज के खाते से 84 लाख रुपये निकला लिया। शौकत अली आजमगढ़ मुस्लिम एजुकेशनल सोसाइटी के सदस्य भी हैं। जब यह मामला खुला तो कालेज प्रबंधन ने इसकी शिकायत की। न्यायालय के आदेश पर विश्वविद्यालय की जांच टीम, रजिस्टार, चीट फंड व सरायमीर थाने द्वारा मामले की जांच की गयी। आरोप सही पाये जाने पर कोर्ट ने प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद पुलिस ने रविवार की रात 12 बजे पहाड़पुर से आरोपी प्रबंधक को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में दूसरे पक्ष के कयूम का कहना है कि मेडिकल कालेज प्रबंध कमेटी से शौकत अली का कोई लेना-देना नहीं है।

Blogger Comment
Facebook Comment