आजमगढ़। सठियाँव चीनी मिल का उद्घाटन करने जिले में आये प्रदेश सरकार के मुखिया व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को जनसभा को सम्बोधित करते हुए प्रधानमंत्री को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सिर्फ घोषणा करना चाहते हैं उन्हें घोषणाओं पर अमल करने की आदत नहीं है। झूठ के सहारे सरकार बनाने वाली भाजपा की कथनी करनी में जमीन-आसमान का अन्तर है। समाजवादी पार्टी जो कहती है वह करती है। चुनाव के समय जो वादा किया गया था उसे पूरा कर दिया गया। उन्होंने कहा कि निरन्तर विकास की ओर अग्रसर हो रही सरकार ने अनेकों ऐसा कार्य किया है जिसकी तुलना किसी सरकार से नहीं की जा सकती। आगरा से लेकर लखनऊ तक बन रहे हाईवे का कार्य भी लगभग पूरा होने के कगार पर है। उन्होंने कहा कि नेताजी के आदेश पर इस हाईवे का भी शीघ्र ही उद्घाटन किया जायेगा। सरकार ने घोषणा पत्र में गरीब महिलाओं को साड़ी देने की बात कही थी जिसके एवज में उन्हें पेंशन दिया जा रहा है जो लाभार्थी के खाते में जा रही है। शहर व गाँव के बीच संतुलन बनाना उनका मुख्य उद्देश्य है। मुख्यमंत्री ने कहाकि अब तक राज्य सरकार ने साढ़े तीन लाख लोगों को नौकरी दिया है आगे 40 हजार नौजवानों की पुलिस में शीघ्र भर्ती की जायेगी। भर्ती प्रक्रि या को भी आसान कर दिया गया है। उन्होंने सरकार द्वारा चलायी जा रही योजनाओं का भी बखान किया। श्री यादव ने बुनकरों की चर्चा करते हुए कहा कि 60 साल की उम्र पार करने वाले बुनकरों को पेंशन दिया जायेगा। विपक्ष का सिर्फ आरोप लगाना काम है। उन्होंने यह कहा कि कन्नौज और इटावा से ज्यादा विकास कार्य आजमगढ़ में हुआ है। किसानों की अर्थव्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए सरकार दूध का कारोबार, सठियाँव चीनी मिल एवं अन्य कार्य को संचालित कर रही है।अखिलेश यादव ने आजमगढ़ को हॉकी के लिए स्पोर्ट्स स्टेडियम व शिब्ली लाईब्रेरी के लिए पर्याप्त मात्रा में धनराशि देने की भी बात कही।
Blogger Comment
Facebook Comment