आजमगढ़ : फूलपुर क्षेत्र के बहाउद्दीनपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय के समीप गुरुवार को दिन में करीब 11 बजे रेल पटरी पार करते समय पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ जाने से 86 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त बसपा के पूर्व राज्यसभा सांसद व वर्तमान में कांग्रेस नेता बलिहारी बाबू के श्वसुर पुद्दन राम के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। मृतक पुद्दन राम अहरौला थाना क्षेत्र के अतमऊवा ग्राम निवासी थे। हादसे के वक्त वह किसी कार्यवश फूलपुर कोतवाली क्षेत्र में आए थे। वह दिन के करीब 11 बजे वह बहाउद्दीनपुर गांव के पास पैदल ही रेल पटरी पार कर रहे थे उसी दौरान शाहगंज की ओर जा रही पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ जाने से उनकी मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त मौके पर पहुंचे उनके नाती व फूलपुर ब्लाक प्रमुख सुशील कुमार आनंद ने की और इसकी सूचना पुलिस को दी। फूलपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। हादसे की खबर पाकर मृतक के परिजन व रिश्तेदार भी मौके पर पहुंच गए। हादसे से पीड़ित परिवारों में कोहराम मच गया। मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ लगी रही।
Blogger Comment
Facebook Comment