आजमगढ़ : नगर से सटे कोलपांडेय गांव के शांतिनगर कालोनी में बुधवार की रात चोरों ने अशांति का माहौल कायम करते हुए एक घर में आयोजित वैवाहिक समारोह में मिले दहेज के सामान पर हाथ साफ कर लिया। नकदी व जेवर समेत लगभग दो लाख की संपत्ति चोरों के हाथ लगी बताई गई है। कोलपांडेय ग्राम निवासी व पेशे से ठेकेदार आशीष सिंह के दो मकान गांव के शांतिनगर कालोनी में स्थित हैं। बीते दो मार्च को उनके घर लडके की शादी संपन्न हुई थी। सुदूर क्षेत्रों से आए मेहमान उनके घर अभी ठहरे हुए थे। बुधवार की रात आशीष के परिजन व रिश्तेदार अपने एक मकान में ताला जड़कर दूसरे मकान में सोने चले गए। इसका लाभ उठाते हुए चोर घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और पूरे घर को खंगाल डाला। इस घटना में लगभग पांच हजार नकदी, जेवरात, टीवी, सिलाई मशीन व नए कपड़ों समेत लगभग दो लाख कीमत के दहेज के सामान चोर समेट कर फरार हो गए। घटना की जानकारी गुरुवार की सुबह तब हुई जब आशीष की मां इंद्रावती देवी अपने दूसरे घर पहुंची। घर में लगा ताला टूटा देख वह अवाक रह गई। अंदर जाकर देखा तो घर के सामान इधर-उधर बिखरे पड़े थे। घटना की सूचना शहर कोतवाली को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का निरीक्षण कर वापस लौट गई। इस बाबत पीड़ित पक्ष द्वारा अज्ञात के खिलाफ शहर कोतवाली में तहरीर दी गई है।
Blogger Comment
Facebook Comment