आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र के स्थानीय कस्बे में रविवार की दोपहर बोलेरो के धक्के से युवक घायल हो गया। सड़क किनारे अचेत पड़े घायल युवक को पूर्व सांसद रमाकांत यादव ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं एक अन्य हादसे में दो युवक घायल हो गये। क्षेत्र के चकबहोरी गांव निवासी राजकुमार (40) पुत्र जीता यादव रविवार को कहीं जा रहा था। निजामाबाद कस्बे में बोलेरो के धक्के से वह गंभीर रुप से घायल हो गया। राजकुमार सड़क किनारे अचेतावस्था में काफी देर तक पड़ा रहा। इसी बीच उधर से गुजर रहे पूर्व सांसद रमाकांत की नजर उस पर पड़ गयी और उन्होंने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इसी क्रम में बरदह थाना क्षेत्र के गोड़रहा बाजार में बाइक की कुत्ते से टक्कर होने से दो युवक घायल हो गये। दोनों का उपचार जौनपुर जिला अस्पताल में चल रहा है। बताते हैं कि बरदह थाना क्षेत्र के छत्तरपुर गांव निवासी सत्यनिवास (35) पुत्र वंशराज व नवी अहमद (30) पुत्र सकुल्लाह बाइक से कहीं जा रहे थे। अपरान्ह करीब 2 बजे गोड़रहा बाजार में सड़क पर अचानक आये कुत्ते से बाइक टकरा गयी। इस हादसे में दोनों गंभीर रुप से घायल हो गये। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें जौनपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
Blogger Comment
Facebook Comment