.

पारम्परिक लोक शैली का मंच होगा देशज

16 से 21 मार्च तक जजी मैदान में होगा कार्यक्रम, देश के जाने-माने  कलाकार लेंगे भाग


आजमगढ़. : भारतीय संस्कृति सभ्यता और पूर्वांचल की लोक कलाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शहर के जजी मैदान में आगामी 16 से 21 मार्च तक देशज का आयोजन किया जायेगा। इसमें देश के जाने-माने कलाकार भाग लेंगे। कार्यक्रम में लोगों को देश की संस्कृति, सभ्यता और लोक कलाओं की झलक देखने को मिलेगी। कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। कुछ कलाकार अभी से जिले में पहुंच चुके हैं। उक्त समारोह केंद्रीय संगीत नाट्य अकादमी नई दिल्ली व जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य उत्तर प्रदेश की लुप्त हो रही पारम्परिक लोक शैली नौटंकी, नृत्य, धोबिया आदि के प्रति लोगों को जागरूक करना और इन्हें संरक्षण प्रदान कर सुरक्षित करना है। देशज में मंच कलाओं, परिचर्चाओं और कार्यशालाओं के जरिये लोक कलाओं को पुनर्जीवित करने के लिए युवाओं को प्रेरित किया जायेगा। आयोजकों का मानना है कि देशज का यह आयोजन उत्तर प्रदेश खासतौर पर पूर्वांचल की लोक कलाओं के लिए संजीवनी साबित होगा। साथ ही इन लोक कलाकारों को मंच के साथ-साथ समाज के बीच स्थापित होने का अवसर प्रदान करेगा। कार्यक्रम की सफलता के लिए प्रशासन पूरी ताकत लगा रहा है। जजी मैदान को गांव के रुप में विकसित किया जा रहा है, ताकि इस छोटी सी जगह में गांव की संस्कृति की झलक परिलक्षित हो सके। उज्जैन से आये आर्ट डायरेक्टर राजन छाबड़ा और उनके एक दर्जन साथी तैयारियों का बारिकी से अध्ययन कर रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र वर्मा, डीडीसी ऋतु सुहास, एडीएम प्रशासन आशुतोष द्विवेदी को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गयी है। वहीं अकादमी द्वारा रंगकर्मी अभिषेक पंडित को कार्यक्रम का संयोजक नियुक्त किया गया है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए देश के ख्यातिलब्ध नौटंकी विशेषज्ञ पंडित रामदयाल शर्मा द्वारा 13 से 19 मार्च तक शारदा टाकिज मड़या में विशेष कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें कलाकारों को नौटंकी विधा की बारिकियों से अवगत कराया जायेगा। देशज का मुख्य आकर्षण नौटंकी लैला-मजनू, बहुरूपिया, विदेशिया, सत्यवादी हरिश्चंद, अंधेर नगरी, लोक नृत्य धोबिया, जंघिया, रासलीला होगी। वहीं प्रसिद्ध लोक गायिका मालिनी अवस्थी भी कार्यक्रम में सिरकत करेंगी। प्रसिद्ध फिल्म लेखक नौटंकी विशेषज्ञ रंजीत कपूर, अतुल तिवारी सहित देश के 250 माने-जाने कलाकार कार्यक्रम में भाग लेंगे।
Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment