आजमगढ़। शहर के सदावर्ती मुहल्ले से बीते 15 नवंबर को लापता हुआ किशोर रविवार को लखनऊ शहर के राजाजी पुरम क्षेत्र से बरामद कर लिया गया। उसकी बरामदगी हेतु एसपी सिटी विपिन ताड़ा की सक्रियता विशेष काम आई। परिजनों ने पुलिस अधीक्षक नगर का पुत्र की बरामदगी पर आभार जताया है। शहर के सदावर्ती मुहल्ला निवासी अजय सिंह का 14 वर्षीय पुत्र प्रतीक बीते 15 नवंबर 2015 को घर से लापता हो गया था । परिजनों ने इस संबंध में शहर कोतवाली में बालक के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। इस मामले में किशोर की बरामदगी हेतु एसपी सिटी विपिन ताड़ा के नेतृत्व में टीम गठित की गई। सर्विलांस के माध्यम से लापता प्रतीक की लोकेशन लखनऊ के राजाजीपुरम क्षेत्र में मिली और पुलिस टीम प्रतीक के परिजनों के साथ शनिवार को लखनऊ के लिए रवाना हो गई। रविवार की दोपहर लापता प्रतीक जाजीपुरम क्षेत्र में फास्ट-फूड विक्रेता राजेन्द्र तिवारी की दुकान से बरामद किया गया। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि पढ़ाई करने के लिए परिजनों की डांट से क्षुब्ध होकर वह बीते 15 नवंबर को घर से सात हजार रुपये व अपनी मां के कुछ जेवरात लेकर घर से निकल गया था। लखनऊ में उसने फास्ट-फूड विक्रेता के यहां नौकरी कर ली। सोमवार को प्रेसवार्ता के दौरान एसपी डीएन मिश्र व एसपी सिटी विपिन ताड़ा ने बरामद किए गए किशोर को भावनात्मक ढंग से समझा-बुझाकर उसे परिजनों को सुपुर्द कर दिया। पुलिस अधीक्षक बताया की अपनी 3 महीने की गुमशुदगी के दौरान किशोर बीच में एक बार वापस आजमगढ़ आया लेकिन वह फिर रोडवेज से ही वापस लौट गया।

Blogger Comment
Facebook Comment