आजमगढ.:तरवां: प्रेम के आगे आखिरकार परिवार को झुकना पड़ा। सोमवार को पुलिस के हस्तक्षेप के बाद दोनों ने मां पाल्हमेश्वरी के दरबार में सात फेरा लिया। इसके साथ ही उनके प्यार को मंजिल मिल गयी। शादी में परिवार के साथ ही पास पड़ोस के लोग व रिश्तेदारों ने भी भाग लिया। बता दें कि तरवां थाना क्षेत्र के नरायनपुर गांव निवासी उमेश मुंबई में नौकरी करता है। हाल में वह घर आया तो गांव की ही एक लड़की से उसे प्रेम हो गया। दोनों के परिवार के लोग इसके खिलाफ थे। इसलिए एक सप्ताह पूर्व दोनों घर से फरार हो गये। इस मामले में लड़की के परिवार वालों ने तरवां थाने में शिकायत की। पुलिस ने मामला तो पंजीकृत नहीं किया लेकिन दोनों के बरामदगी के प्रयास में जुट गयी। इसी बीच कहीं से पता चला कि दोनों मुंबई है। इसके बाद लड़के तक यह सूचना पहुंचायी गयी कि पूरे परिवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो गया। मुकदमे के नाम पर दोनों भयभीत हो गये और ट्रेन से सोमवार की भोर में चार बजे वाराणसी पहुंचे। यहां लड़की के जीजा मिथिलेश को बुलाये और उसके साथ थाने में पहुंच गये। इसके बाद थानाध्यक्ष ने दोनों के परिवारवालों को भी थाने बुला लिया। घंटों तक पंचायत चली लेकिन दोनों शादी की जिद पर अड़े रहे। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद दोनों का परिवार भी इस रिश्ते के लिए राजी हो गया। फिर क्या था दोनों पक्ष पल्हना स्थित मां पाल्हमेश्वरी देवी के मंदिर पहुंचे और दोनों की शादी कराई गई।

Blogger Comment
Facebook Comment