आजमगढ़. जहानागंज थाना क्षेत्र के बजहां स्थित पेट्रोल पंप से गांव की ओरजाने वाले मार्ग पर स्थित धार्मिक स्थल के पास शनिवार की सुबह 35 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। काफी प्रयास के बाद मृतक की शिनाख्त संभव हो सकी। मृतक मऊ जिले का रहने वाला था। पुलिस को इस मामले में मृतक को घर से बुलाकर ले जाने वाली महिला मित्र की तलाश है। मऊ जिले के सराय लखंसी थानांतर्गत ताजेपुर ग्राम निवासी संतोष सिंह (35) पुत्र स्व. पारसनाथ सिंह की पत्नी का कुछ समय पूर्व निधन हो गया। पत्नी के मौत के बाद संतोष को शराब की लत लग गई। इसी बीच उसकी एक महिला से मित्रता हुई और महिला अक्सर संतोष के घर आने-जाने लगी। शुक्रवार को संतोष की महिला मित्र व उसके साथ रहा सुनील नामक युवक दोनों ताजेपुर गांव पहुंचे। कुछ समय बाद शाम करीब सात बजे संतोष व उसकी महिला मित्र तथा साथ रहा युवक तीनों वहां से चल दिए। शनिवार की सुबह संतोष का शव जहानागंज थाना क्षेत्र के बजहां पेट्रोल पंप के समीप सड़क के किनारे मिला। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। शव मिलने की खबर क्षेत्र में फैली और वहां पहुंचे स्थानीय एदिलपुर ग्राम निवासी व्यक्ति ने मृतक की शिनाख्त अपने रिश्तेदार के रूप में करते हुए इसकी जानकारी मृतक के परिजनों को दी। परिजन मौके पर पहुंचे और तब जाकर मृतक की शिनाख्त संभव हुई। मृतक के पुत्र शुभम के अनुसार पिता को घर से बुलाकर ले जाने वाली महिला अक्सर उसके घर आती थी लेकिन वह कहां की रहने वाली थी इस बात की जानकारी किसी को नहीं है। मृतक की बहन क्षेत्र के एदिलपुर गांव में ब्याही है। सूचना पाकर वह भी मौके पर रोते-बिलखते पहुंची। पुलिस को इस मामले में मृतक की महिला मित्र व उसके साथ रहे युवक की तलाश में लगी है। इस संबंध में एसओ जहानागंज का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद स्थिति स्पष्ट होने पर ही कार्यवाही की जाएगी।
Blogger Comment
Facebook Comment