कृषि रसायन को जीवन रक्षक दवाओं की श्रेणी से अलग रखने की मांग
आजमगढ़। कीटनाशक विक्री के लिए शैक्षिक योग्यता निर्धारित करने से नाराज दुकानदारों ने मंगलवार को जिला मुख्यालय पर जुलूस निकाल कर प्रदर्शन किया। जिलाधिकारी के माध्यम से कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री को ज्ञापन सौंपा। नियम में बदलाव न होने पर आंदोलन की चेतवानी दी। दुकानदारों ने सर्व प्रथम कुंवर सिंह उद्यान में बैठक की इसके बाद जुलूस निकालकर कलेक्ट्रेट, शारदा चौहारा, सिधारी होते हुए डीएम कार्यालय पहुंचे। यहां दुकानदारों ने प्रदर्शन करते हुए कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह के नाम ज्ञापन सौंपा। वक्ताओं ने कहा कि कृषि रसायन का व्यवसाय करने हेतु अनुज्ञप्ति प्राप्त करने के लिए योग्यता निर्धारित कर दी गयी है। जबकि उपरोक्त व्यवसाय ज्यादातर बेरोजगार दो व्यक्त की रोटी के जुगाड़ के लिए कर रहे हैं। इससे अनेक परिवारों की जीविका चल रही है। कृषि रसायन को मानव जीवन से परोक्ष रूप से संबंध नहीं है। लिहाजा इसे जीवन रक्षक दवाओं की श्रेणी से अलग रखा जाय। कारण कि उपरोक्त प्रक्रिया से हजारों परिवार की रोजी रोटी छिनेगी और वे भूखमरी की कगार पर पहुंच जायेगे। कारण कि लगभग 90 प्रतिशत बीज एंव कृषि रसायन के अनुज्ञप्तिधारी गरीब किसान के परिवार से ताल्लुक रखते है। इस नियम के लागू होने से भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलेगा। इस लिए स्टाक रजिस्टर की अनिवार्यता भी समाप्त होनी चाहिए। यदि ऐसा नहीं हुआ तो हम आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर सुरेश प्रजापति, दयाशंकर, शकील अहमद आदि उपस्थित थे।

Blogger Comment
Facebook Comment