आजमगढ़. रौनापार थाना क्षेत्र के अराजी देवारा नैनीजोर (बिसेन का पूरा) गांव मंगलवार की सुबह सशस्त्र बदमाशों ने घर के बाहर समाचार पत्र पढ़ रहे बीडीसी सदस्य को गोली मार दी। गंभीररूप से घायल बीडीसी सदस्य को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना का कारण क्षेत्र पंचायत चुनाव की रंजिश बतायी जा रही है। उक्त गांव निवासी सत्यनारायण उर्फ सत्तन यादव 35 पुत्र स्व. बाढ़ू हाल में हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में क्षेत्र पंचायत सदस्य चुने गये थे। इसके बाद ब्लाक प्रमुख चुनाव में उन्होंने निर्दल प्रत्याशी दुलारी देवी का खुलकर साथ दिया। मतदान के दिन वे दुलारी देवी के एजेंट भी थे। लोगो का मानना है की तभी से चुनावी रंजिश चल रही थी। मंगलवार की सुबह करीब 7.30 बजे सत्यनारायण अपने पड़ोसी शिव नरायन यादव के घर के सामने खड़े होकर समाचार पत्र पढ़ रहे थे। तभी बाइक पर सवार दो युवक आये और वाहन रोक कर सत्यनारायण को गोली मार दी। इसके बाद दोनों रौनापार थाने की तरफ फरार हो गये। गोली सत्यनारायण के जबड़े में लगी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गये। गांव के लोग घायल को लेकर सीधे थाने पहुंच गये। इसके बाद उसे जिला अस्पताल भेजा गया। जहाँ से फिर उसे वेदांत हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

Blogger Comment
Facebook Comment