.

शिवपाल सिंह यादव के बेटे की आजमगढ़ की लड़की से होगी शादी

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव के परिवार के एक और सदस्य के सिर जल्द ही शादी का सेहरा बंधने वाला है। इसकी शुरुआत तो राजधानी लखनऊ से होगी लेकिन हमेशा की तरह शहनाई की गूंज में मुलायम का पैतृक गांव सैफई और उनका संसदीय क्षेत्र आजमगढ़ डूबेगा। तेजप्रताप के बाद अब घोड़ी पर मुलायम सिंह यादव के छोटे भाई शिवपाल सिंह यादव के पुत्र आदित्य यादव उर्फ अंकुर चढ़ने जा रहे हैं। अंकुर इस समय पीसीएफ के चैयरमैन हैं और दर्जा प्राप्त राजयमंत्री है ।अंकुर का विवाह आजमगढ़ के रहने वाले संजय सिंह के परिवार में तय हुआ है। फिलहाल संजय सिंह का परिवार लखनऊ में रहता है। मुलायम के घर में इन दिनों शादी की तैयारियां जोरों पर हैं। लखनऊ से लेकर दिल्ली तक परिवार के लोग खरीदारी में जुटे हुए हैं।
लखनऊ में होगी सगाई, सैफई में शहनाई
अंकुर यादव की सगाई लखनऊ के होटल ताज में होगी, इसके बाद शादी 10 मार्च को सैफई में होगी। सगाई समारोह में चुनिंदा लोगों को न्यौता भेजा गया है। इस हाई प्रोफाइल शादी में कई राजनैतिक दिग्गज और बड़े उद्योगपति शामिल होंगे। सपा के पूर्व नेता अमर सिंह और रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन अनिल अंबानी के शामिल होने की संभावना है।
आजमगढ़ में भी ख़ुशी की लहर 
आदित्य यादव की शादी लालगंज अंतर्गत सलेमपुर के प्रतिष्ठित परिवार संजय सिंह की पुत्री राजलक्ष्मी से तय होने के बाद पूरे जनपद के लोग फूले नहीं समा रहे हैं। माता कमला सिह, पत्नी शारदा, बेटे रुद्राक्ष, बेटी राजलक्ष्मी व राजेश्वरी के साथ संजय सिंह लखनऊ स्थित गोमती नगर में रहकर कंस्ट्रक्शन का काम करते हैं। सलेमपुर में खेतीबारी का काम उनके एक नजदीकी रिश्तेदार देखते हैं।
संजय सिंह आजमगढ़ के एक राजनीतिक परिवार से जुड़े हुए हैं। उनके पिता स्वर्गीय सत्यनारायण सिह वर्ष 1976 से 1982 तक कांग्रेस से एमएलसी भी रहे।
सगाई 17 व शादी होगी 10 मार्च को
सगाई 17 फरवरी को है। शादी सैफई में ही 10 मार्च को होगी, जबकि रिसेप्शन लखनऊ के ताज होटल में होगा। शादी को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। लखनऊ से दिल्ली और मुंबई तक खरीदारी की जा रही है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment