आजमगढ़ : मुबारकपुर थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह अनियंत्रित आटोरिक्शा के विद्युत पोल में टकरा जाने से 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई। वहीं गंभीरपुर थाना क्षेत्र के सिधारीगंज के पास इंडिगो कार की चपेट में आकर साइकिल सवार छात्र घायल हो गया। मुबारकपुर क्षेत्र के कारूपार चटटी के समीप जिला मुख्यालय से सवारी लेकर मुबारकपुर कस्बा जा रहा आटोरिक्शा रविवार की सुबह सड़क पर अचानक आए कुत्ते को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर विद्युत खम्भे से टकरा गया। इस हादसे में आटो सवार पचास वर्षीय सफीकुज्जमा पत्नी सेराज अहमद की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं आटो में बैठी पचास वर्षीय मुनरी देवी पत्नी रामप्रीत घायल हो गई। घायल महिला का स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार चल रहा है। वह क्षेत्र के हाजीपुर गांव की निवासी है। वहीं मृत महिला शहर के बदरका मुहल्ला की निवासी बताई गई है और हादसे वक्त वह मुबारकपुर कस्बा निवासी अपने रिश्तेदार के घर जा रही थी। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और परिजनों के आग्रह पर पंचनामा के बाद शव को उनकी सुपुर्दगी में दे दिया। मुहम्मदपुर थानांतर्गत सिधारीगंज चट्टी के पास रविवार की दोपहर करीब ढाई बजे स्कूल से कोचिंग क्लास कर साइकिल से घर लौट रहा 12 वर्षीय छात्र तेज गति कार की चपेट में आकर घायल हो गया। क्षेत्र के धन्नीपुर विसयां ग्राम निवासी विनय राय का पुत्र अमन राय सिधारीगंज स्थित निजी स्कूल में कक्षा सात का छात्र है। रविवार को वह स्कूल से कोचिंग क्लास कर साइकिल से घर लौट रहा था। उसी दौरान जौनपुर की ओर जा रही टाटा इंडिगो कार की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र से रेफर कर दिए जाने पर उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने कार चालक संजय यादव निवासी ग्राम जामडीह थाना घोसी जनपद मऊ को वाहन सहित कब्जे में ले लिया है।
Blogger Comment
Facebook Comment