.

आजमगढ़: दो करोड़ की हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

 

मुबारकपुर पुलिस ने ऑपरेशन त्रिशूल के तहत की कार्रवाई : स्कूटी ,तराजू और दो मोबाइल समेत अन्य सामान बरामद

आजमगढ़: मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिशूल के तहत मुबारकपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अंतरजनपदीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक किलो 16 ग्राम संदिग्ध मादक पदार्थ (हेरोइन) बरामद किया है, जिसकी अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत करीब दो करोड़ 10 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 22/23 नवंबर की रात करीब 12:55 बजे मुबारकपुर पुलिस टीम बवान बीघा पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली तो उनके कब्जे से एक किलो 16 ग्राम हेरोइन, दो डिब्बे रासायनिक पदार्थ (बुप्रेनॉरफिन), एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, दो मोबाइल फोन और 1130 रुपये नकद बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मो. शाहिल पुत्र समसुद्दीन निवासी कोट किला, बाहरीदरी, शाहिन कॉलोनी, थाना कोतवाली, आजमगढ़ (20) तथा जीशान पुत्र साजिद निवासी कोट किला, नाला धर्म, थाना कोतवाली, आजमगढ़ (21) के रूप में हुई है। तस्करी में प्रयुक्त एक स्कूटी भी पुलिस ने सीज कर दी है। पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त का कारोबार करते हैं। हिरापट्टी से ब्रह्मस्थान जाने वाले रास्ते पर दो व्यक्तियों से मादक पदार्थ प्राप्त कर उसे बेचने के लिए स्कूटी से ले जा रहे थे। स्कूटी की डिग्गी में मादक पदार्थों के पैकेट, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और रासायनिक पदार्थ के डिब्बे रखकर परिवहन किया जा रहा था। पुलिस के अनुसार, इस कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में भी जांच की जा रही है। इस मामले में थाना मुबारकपुर में मुकदमा अपराध संख्या 402/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/22/29/60(3) में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपितों के आपराधिक नेटवर्क की जांच में जुटी है। कार्रवाई करने वाली टीम में चौकी प्रभारी कस्बा मुबारकपुर उपनिरीक्षक विश्वदीप सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment