1.19 लाख रुपये की जाली मुद्रा बरामदगी के मामले में आठ पर हुई थी कार्रवाई, चार अन्य की तलाश जारी
आजमगढ़। रौनापार थाना पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ पूर्व में 1.19 लाख रुपये की जाली मुद्रा और नकली नोट बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद होने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने चारों को उनके घरों पर दबिश देकर मंगलवार सुबह करीब 5:10 बजे गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, थानाध्यक्ष सुनील कुमार दूबे की तहरीर पर 24 नवंबर को थाना रौनापार में आठ अभियुक्तों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की धारा 2(b)(xx) व 3(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि अभियुक्त संगठित गिरोह बनाकर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त थे और अवैध गतिविधियों का संचालन कर रहे थे। इससे पहले इनके खिलाफ मुकदमा संख्या 48/2026 में बीएनएस की धारा 178, 179, 180 व 181 के तहत जाली मुद्रा बनाने और उसे चलाने के संबंध में कार्रवाई की गई थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी सगड़ी के निर्देशन में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। गिरफ्तार अभियुक्तों में नितिन सिंह उर्फ भोला पुत्र स्व. अलगू सिंह (22), ऋषिकेश सिंह उर्फ शनि पुत्र रविन्द्र सिंह (22), आदित्य सिंह उर्फ चंकी पुत्र रविन्द्र सिंह (28) और शिवम सिंह उर्फ विदुर पुत्र कमलेश सिंह (22), सभी निवासी ग्राम बरडीहा, थाना रौनापार, आजमगढ़ शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, नितिन सिंह के खिलाफ चोरी, धोखाधड़ी और जालसाजी सहित पांच मुकदमे दर्ज हैं। ऋषिकेश सिंह के खिलाफ दो, आदित्य सिंह के खिलाफ तीन और शिवम सिंह के खिलाफ तीन मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मारपीट, धमकी, चोरी, धोखाधड़ी और जाली मुद्रा से संबंधित मामले शामिल हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष सुनील कुमार दूबे, हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार, कांस्टेबल अखिलेश गौतम, महिला कांस्टेबल पूजा पासवान और सावित्री चौधरी शामिल रहीं। पुलिस ने गिरफ्तार चारों अभियुक्तों को न्यायालय भेजने की कार्रवाई की है।
Blogger Comment
Facebook Comment