प्रतिमा विसर्जन के दौरान हो रही थी डीजे प्रतियोगिता,उपकरण जब्त
आजमगढ़: निजामाबाद थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान निर्धारित मानकों से अधिक तेज आवाज में डीजे बजाने और डीजे प्रतियोगिता आयोजित करने के मामले में पुलिस ने आयोजकों व संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मौके से दो पिकअप वाहनों को सीज करने के साथ बड़ी संख्या में डीजे उपकरण भी जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, दो नवंबर की रात दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के अध्यक्षों, सदस्यों और डीजे संचालकों ने पिकअप वाहनों पर निर्धारित मानकों से अधिक क्षमता वाले साउंड सिस्टम लगाकर तेज आवाज में डीजे प्रतियोगिता आयोजित की थी। देर रात तक तेज आवाज में डीजे बजने से बच्चों, बुजुर्गों, बीमार लोगों और आम नागरिकों को परेशानी हो रही थी। पुलिस ने आवाज कम करने की हिदायत दी, लेकिन इसके बावजूद डीजे की आवाज कम नहीं की गई। इस पर पुलिस ने दो पिकअप वाहनों को धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया, जबकि अन्य वाहनों का ई-चालान किया गया। इस मामले में तीन नवंबर को उपनिरीक्षक गोपाल प्रसाद मौर्य की तहरीर पर निजामाबाद थाने में मुकदमा अपराध संख्या 278/2026 के तहत बीएनएस की धारा 289, 292 व 293, ध्वनि प्रदूषण (नियमन एवं नियंत्रण) नियमावली-2000 की धारा 4/6 और पर्यावरण संरक्षण अधिनियम-1986 की धारा 15(1) में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान तीन एम्पलीफायर, 32 बड़े साउंड बॉक्स, 14 स्पीकर, तीन माइक, 17 मशीन, 14 लेजर लाइट, दो मिक्सर, एक इक्वालाइजर, तीन एसआरपी लाइट, तीन स्टेबलाइजर, नौ बोर्ड, एक तख्त, दो मेज और तीन स्टैंड फैन जब्त किए। इसके अलावा पिकअप संख्या यूपी 50 एफटी 2193 और यूपी 50 टी 0622 को सीज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में हुई कार्रवाई में उपनिरीक्षक गोपाल प्रसाद मौर्य, कमला प्रसाद, विनोद कुमार यादव, वंशराज दूबे, परमानंद सिंह, मुख्य आरक्षी मनोज कुमार शर्मा तथा आरक्षी सुजित कुमार मौर्य और कृष्ण चन्द्र शामिल रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment