.

आजमगढ़ : निर्माणाधीन खाटू श्याम मंदिर में हादसा,शटरिंग गिरने से तीन मजदूर दबे


एक की मौत, एक गंभीर हायर सेंटर रेफर,एक भर्ती, एडीजी ने लिया संज्ञान

आजमगढ़:शहर के भंवरनाथ मंदिर के पास कंधरापुर थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन खाटू श्याम मंदिर में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। मंदिर निर्माण के दौरान अचानक शटरिंग भरभरा कर गिर गई। हादसे में मलबे और शटरिंग के नीचे दबकर तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि मंदिर की छत पर स्लैब डालने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान अचानक शटरिंग ढह गई और वहां काम कर रहे मजदूर उसकी चपेट में आ गए। तीनों मजदूरों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंच गई। तीनों मजदूरों को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, रास्ते में ही एक मजदूर की मौत हो गई। एक की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया जबकि एक अन्य मजदूर का इलाज चल रहा है। मंडलीय जिला चिकित्सालय, आजमगढ़ के ईएमओ डॉ. विपिन कुमार ने बताया कि भवरनाथ के पास स्थित खाटू श्याम मंदिर पर ये लोग कार्य कर रहे थे, इसी दौरान यह दुर्घटना घटी। उन्होंने बताया कि राजाराम राजभर उम्र उम्र: लगभग 30 वर्ष निवासी आजमगढ़ को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। जबकि कमलेश चौहान उम्र 23 वर्ष वर्ष के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद इन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया है।इस घटना में अरुण चौहान उम्र लगभग 35 वर्ष निवासी आजमगढ़ को मामूली चोटें आई हैं, जिनका प्राथमिक उपचार कर दिया गया है। घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने घटना के संबंध में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। शटरिंग गिरने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। वहीं, जिले में आए अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन नवीन अरोड़ा ने भी मामले का संज्ञान लिया और कहा कि पीड़ित पक्ष की मदद की जाएगी।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment