.

आजमगढ़: मान्यता प्राप्त पत्रकारों को मिलेगी कैशलेस चिकित्सा सुविधा



पोर्टल पर अपलोड होगा पत्रकारों व उनके आश्रितों का विवरण

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (एबी-पीएमजेएवाई) के तहत मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसके लिए विकसित नवीन पोर्टल को शुरू करने की सहमति दे दी गई है। मंगलवार को सूचना निदेशालय के सभागार में सूचना निदेशक विशाल सिंह की अध्यक्षता में पोर्टल के संचालन को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
बैठक में स्टेट हेल्थ एजेंसी के अधिकारियों ने पोर्टल की कार्यप्रणाली का प्रस्तुतिकरण किया। इस दौरान मान्यता प्राप्त पत्रकारों के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए आवेदन, सत्यापन और कार्ड डाउनलोड करने की प्रक्रिया का लाइव डेमो देकर जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में मुख्यालय के साथ ही प्रदेश के सभी जिला सूचना कार्यालयों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया।
सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि पोर्टल को सरल और सुगम बनाया गया है, जिससे अधिक से अधिक मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके परिजनों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ मिल सके। उन्होंने सभी जनपदीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों के आयुष्मान कार्ड अभी तक नहीं बने हैं, उनका विवरण सभी औपचारिकताएं पूरी करते हुए एक सप्ताह के भीतर पोर्टल पर अपलोड किया जाए।
उन्होंने निर्देश दिया कि इसकी सूचना मुख्यालय को भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि आगे की कार्रवाई शीघ्र पूरी की जा सके। इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
बैठक में वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी संजय कुमार सिंह, सहायक निदेशक सतीश चन्द्र भारती, डॉ. जितेन्द्र प्रताप सिंह, अमित कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment