.

आजमगढ़: स्टेट बैडमिंटन में युगल मुकाबलों का रोमांच शुरू




जनपद न्यायाधीश ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया शुभारंभ, कल होंगे सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले

आजमगढ़: सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिला बैडमिंटन एसोसिएशन आजमगढ़ के तत्वावधान में आयोजित योनेक्स सनराइज सब-जूनियर यूपी स्टेट बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 के तीसरे दिन युगल मुकाबलों का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश एमटीएस मुकेश सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जिला बैडमिंटन एसोसिएशन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच उपलब्ध करा रहा है। खेल अब केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन, आत्मविश्वास और बेहतर करियर निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुके हैं। इस अवसर पर आयोजन सचिव प्रज्ञा राय ने पुष्पगुच्छ भेंट कर जनपद न्यायाधीश का स्वागत किया। चैंपियनशिप के रेफरी अजेंद्र राय एवं उपक्रीड़ा अधिकारी जेपी यादव ने अंगवस्त्र भेंट कर उनका अभिनंदन किया, जबकि स्टेट अंपायर सत्येंद्र उपाध्याय ने स्मृति चिह्न प्रदान किया। प्रयागराज के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी संतोष पांडेय का भी अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में निर्वा वाटर के प्रबंध निदेशक नीरज अग्रवाल, अधिवक्ता एवं समाजसेवी सचिन सिंह, दीवानी बार एसोसिएशन के पूर्व उपाध्यक्ष एडवोकेट अरुण पांडेय, मशरूम के डायरेक्टर इंजीनियर विक्की सिंह, राष्ट्रीय खिलाड़ी एवं भोजपुरी गायिका सीमा चौहान, प्राथमिक शिक्षक संघ तरवां के अध्यक्ष रामाशीष राय, हर्ष बरनवाल, रमाकांत वर्मा और अजय प्रजापति सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
युगल मुकाबलों में इन खिलाड़ियों ने दर्ज की जीत
प्रतियोगिता के तीसरे दिन बालिका युगल वर्ग में आरना द्विवेदी और शिनाया श्रीवास्तव (कानपुर) की जोड़ी ने हिमांशी चौधरी और मिष्ठी चौधरी की जोड़ी को 15-11, 10-15, 15-08 से हराया। अंबिका झा और एकांशी सिंह (लखनऊ) की जोड़ी ने अथिक्षा गेठे और निर्वि चौधरी को 15-12, 15-12 से पराजित किया। आव्या पाठक और वर्तिका सिंह (वाराणसी) की जोड़ी ने आजमगढ़ की रुनझुन और श्रेया को 15-02, 15-02 से हराया। वी. प्रधान और यशिता की मेरठ-प्रयागराज की जोड़ी ने मिष्टी चौहान और राव गौतम की मेरठ-अयोध्या की जोड़ी को 15-06, 15-13 से शिकस्त दी। मेघा सिंह और सानवी कुमार (अलीगढ़-लखनऊ) की जोड़ी ने प्रगति कुमार और उन्नति कुमार (लखनऊ) को 15-03, 15-04 से हराया।
बालक युगल वर्ग में आव्यान हरलालका और अर्नव मदान (झांसी-मुरादाबाद) की जोड़ी ने अभिनव सिंह और श्लोक पांडेय (प्रयागराज) को 15-10, 15-06 से पराजित किया। कार्तिक गौड़ और शाक्य (अलीगढ़-गाजियाबाद) की जोड़ी ने रोबिन सिंह और वेदांत विहान को 10-15, 15-10, 15-12 से हराया। नमन अग्रवाल और यश चौहान (मुरादाबाद) की जोड़ी ने अभिराज सिंह और तनुष रेड्डी को 15-13, 15-04 से शिकस्त दी।
एकल मुकाबलों में भी खिलाड़ियों ने दिखाया दम
बालिका एकल वर्ग में कानपुर की शिनाया श्रीवास्तव ने गाजियाबाद की मिष्टी चौधरी को 15-09, 13-15, 15-12 से हराया। लखनऊ की सानवी कुमार ने महाराजगंज की ऐश्रीय शुक्ला को 15-06, 15-11 से पराजित किया। प्रयागराज की यशिता धीमरी ने चित्रकूट की अदिति को 18-16, 15-11 से शिकस्त दी।
बालक एकल वर्ग में अयोध्या के यथार्थ राव गौतम ने गोरखपुर के दिव्यांश सिंह को 15-05, 06-15, 15-12 से हराया। आगरा के विकास ने अक्षत गुप्ता को 15-09, 15-09 से पराजित किया। सहारनपुर के अभिनव चौधरी ने वाराणसी के अर्श चौरसिया को 15-04, 15-07 से शिकस्त दी।
देर रात तक मुकाबले जारी रहे। प्रतियोगिता के अंतिम दिन रविवार को सुबह 8 बजे से सेमीफाइनल एवं फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। इसके बाद दोपहर 12 बजे पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment