उपलब्धि जिले की जनता और समर्पित कार्यकर्ताओं को की समर्पित
आजमगढ़: जल एवं नदी संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए आजमगढ़ के डॉ. पवन कुमार को राष्ट्रीय सम्मान मिला है। नई दिल्ली स्थित विश्व युवक केंद्र में 23 अक्टूबर को आयोजित सातवें जल प्रहरी सम्मान समारोह-2026 में उन्हें सम्मानित किया गया। आजमगढ़ के लिए यह पहला जल प्रहरी सम्मान है। यह सम्मान नीति आयोग, भारत सरकार के समर्थन से जलवायु अनुकूलन न्यास की ओर से प्रदान किया गया। समारोह में देशभर के करीब 31 जल संरक्षण कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया, जिनमें उत्तर प्रदेश के छह लोग शामिल रहे। निर्णायक मंडल की अध्यक्षता भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रंजन गोगोई ने की। डॉ. पवन कुमार ने यह सम्मान आजमगढ़ की जनता, लोक दायित्व और जल संरक्षण के लिए कार्य करने वाले समर्पित कार्यकर्ताओं को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि यह सामूहिक प्रयासों की पहचान है। नदियों और जलस्रोतों को बचाने के लिए गांवों, युवाओं, विद्यालयों और आम नागरिकों की भागीदारी जरूरी है। डॉ. पवन कुमार और लोक दायित्व की गतिविधियां मूल सरयू बचाओ अभियान सहित नदी संरक्षण, जल जागरूकता और सामुदायिक भागीदारी पर केंद्रित हैं। उन्होंने जलस्रोतों की नियमित देखभाल, प्रदूषण पर रोक और जनभागीदारी को जल संरक्षण की स्थायी सफलता के लिए आवश्यक बताया। समारोह में केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री डॉ. राजभूषण चौधरी, भाजपा सांसद अरुण सिंह, पर्यावरण गतिविधि प्रमुख गोपाल आर्य तथा जल संरक्षण कार्यकर्ता राजेंद्र सिंह और उमाशंकर पांडेय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment