.

आजमगढ़: प्रतिभा निकेतन में डांडिया की रही धूम



परंपरा और संस्कृति के रंग में सराबोर हुए शिक्षक और विद्यार्थी

आजमगढ़: शारदीय नवरात्रि के अवसर पर नगर से सटे अजमतपुर कोड़र स्थित प्रतिभा निकेतन इंटर कॉलेज के प्रांगण में डांडिया नृत्य का भव्य आयोजन किया गया। मां दुर्गा की आराधना और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच पूरा परिसर उत्सव के रंग में सराबोर नजर आया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. मोनिका शर्मा, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सरायमीर की प्राचार्य डॉ. संध्या वर्मा, विद्यालय प्रबंध समिति की अध्यक्ष सरस्वती देवी और प्रबंधक रमाकांत वर्मा ने मां दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष विधि-विधान से दीप प्रज्वलित कर और आरती उतारकर किया।
कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों के मनमोहक सामूहिक नृत्य से हुई। इसके बाद विद्यालय के प्राचार्य ध्रुव चंद्र ने अतिथियों को नारियल, चुनरी और अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि डॉ. मोनिका शर्मा ने कहा कि पर्व और त्योहार हमें अपनी लोक संस्कृति और परंपराओं से जोड़ते हैं। ऐसे आयोजन सामूहिक उल्लास के साथ हमारी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने का माध्यम बनते हैं। इनके जरिए नई पीढ़ी को अपनी पुरानी संस्कृति और सभ्यता से परिचित होने का अवसर मिलता है। इसके बाद डांडिया नृत्य का सिलसिला शुरू हुआ। पारंपरिक उत्साह और संगीत की धुन पर विद्यार्थियों तथा शिक्षकों ने एक साथ डांडिया खेलकर उत्सव का आनंद लिया। सामूहिक नृत्य और उल्लासपूर्ण माहौल ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
इस अवसर पर इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के प्रबंधक सीताराम पांडेय, रवि श्रीवास्तव, योगाचार्य लौटू मौर्य, उपप्राचार्य प्रीति श्रीवास्तव, रुचि श्रीवास्तव, सरिता पांडेय, सुनील दत्त विश्वकर्मा सहित विद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की छात्राओं ने किया।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment