रामलीला मंचन के साथ गौ सेवा का संदेश, विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए सांस्कृतिक कार्यक्रम
आजमगढ़: करतालपुर बाईपास स्थित जीडी ग्लोबल स्कूल में शनिवार को दशहरा उत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने मां नवदुर्गा को समर्पित नृत्य प्रस्तुत किया। श्री हनुमान स्तुति की भावपूर्ण प्रस्तुति ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। उत्सव का मुख्य आकर्षण भगवान श्रीराम के जीवन पर आधारित रामलीला का मंचन रहा। विद्यार्थियों ने अपने अभिनय और संवादों के माध्यम से सत्य, धर्म, त्याग और मर्यादा का संदेश दिया। रामलीला के जरिए बुराई पर अच्छाई की विजय के महत्व को रेखांकित किया गया। कार्यक्रम के दौरान ‘गौ सेवा सहभागिता’ अभियान के तहत विद्यालय के विद्यार्थियों ने निराश्रित गायों के लिए रोटी दान की। इस पहल के माध्यम से बच्चों को जीवों के प्रति करुणा, संवेदनशीलता और सेवा-भाव अपनाने का संदेश दिया गया। निदेशिका स्वाति अग्रवाल ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि दशहरा धर्म, मर्यादा और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। माता-पिता की सेवा, जरूरतमंदों की सहायता और जीवों के प्रति करुणा ही भक्ति को सार्थक बनाती है। उन्होंने कहा कि श्रद्धा और समर्पण के साथ माता की सेवा करना भारतीय संस्कृति के महत्वपूर्ण संस्कारों में शामिल है। प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने कहा कि विजयादशमी हमें याद दिलाती है कि असत्य कितना भी शक्तिशाली क्यों न हो, अंततः विजय सत्य की ही होती है। बच्चों में सेवा, करुणा और सदाचार के संस्कार विकसित करना ही पर्व की वास्तविक सार्थकता है। कार्यकारी निदेशक श्रीश अग्रवाल ने कहा कि रावण के दस सिरों का दहन तभी सार्थक है, जब मनुष्य अपने भीतर के अहंकार, क्रोध, लोभ और अन्य विकारों को समाप्त करे। भगवान श्रीराम का जीवन मर्यादा, कर्तव्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। प्रधानाचार्या दीपाली भुस्कुटे ने कहा कि विद्यालय का प्रयास है कि विद्यार्थी भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने आचरण में उतारें और ज्ञान के साथ संवेदना, संस्कार तथा सेवा-भाव को भी अपने व्यक्तित्व का हिस्सा बनाएं। समग्र रूप से उत्सव धार्मिक आस्था, भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों का संगम रहा। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को अपने भीतर की बुराइयों पर विजय प्राप्त करने का संदेश दिया। इस अवसर पर विद्यालय के संयोजक जीके त्रिपाठी सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment