.

आजमगढ़ में 29 अक्टूबर से राज्य बैडमिंटन चैंपियनशिप,तैयारी पूरी


एक लाख रुपये की है पुरस्कार राशि, परिवहन मंत्री करेंगे उद्घाटन


आजमगढ़: सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम में 29 अक्टूबर से एक नवंबर तक आयोजित होने वाली योनेक्स सनराइज सब-जूनियर यूपी स्टेट बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में होने वाली इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों को कुल एक लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह है। चैंपियनशिप का उद्घाटन गुरुवार को दोपहर 12 बजे उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह करेंगे। भारतीय जनता पार्टी के गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए विभिन्न जनपदों से खिलाड़ियों का आजमगढ़ पहुंचना शुरू हो गया है। खिलाड़ी स्टेडियम में अभ्यास कर अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं। मुख्य दौर में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था अग्रवाल धर्मशाला, बंधन पॉइंट मैरिज हॉल और पैराडाइज मैरिज हॉल में की गई है। वहीं, तकनीकी अधिकारियों के रहने की व्यवस्था शिब्ली कॉलेज के गेस्ट हाउस में की गई है। दर्शकों के लिए प्रतियोगिता में प्रवेश निःशुल्क रहेगा। आयोजन को व्यवस्थित बनाने के लिए समिति के सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। राकेश सिंह, ऋतिक सिंह और सत्येंद्र उपाध्याय खिलाड़ियों के आवास की व्यवस्था देखेंगे। सुनील दत्त विश्वकर्मा और पवन पांडेय उद्घाटन एवं समापन समारोह की जिम्मेदारी संभालेंगे। माधुरी और नीना गुप्ता को शटल इंचार्ज, सृजन राय और आरुष श्रीवास्तव को सोशल मीडिया प्रबंधन, सौम्या सिंह को उद्घोषक तथा रिया सिंह को प्रमाणपत्र वितरण की जिम्मेदारी दी गई है।
आयोजन की व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए बुधवार को पुनीत राय, विजय कुमार सिंह, ऋतिक सिंह, रमाकांत वर्मा, राकेश सिंह, शशांक सिंह, प्रवीण राय एडवोकेट, संजय श्रीवास्तव, राष्ट्र धर्म सिंह और विशाल गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे। जिला बैडमिंटन संघ ने जनपदवासियों और खेल प्रेमियों से प्रतियोगिता में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment