.

आजमगढ़: शादी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश


सात गिरफ्तार, दुल्हन, पिता, भाई व रिश्तेदार बनकर रचते थे फर्जी शादी का ड्रामा

आजमगढ़: बरदह पुलिस ने शादी के नाम पर रुपये और आभूषण हड़पने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 19,650 रुपये नकद, पायल, मंगलसूत्र, कान के झुमके, नाक की कील, सिन्दूर की डिब्बी, दो साड़ी, पैंट-शर्ट का कपड़ा और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, गिरोह ऐसे लोगों को निशाना बनाता था जिनकी शादी नहीं हो पा रही थी। महिला सदस्य का फोटो दिखाकर शादी तय की जाती थी। मंदिर में शादी के दौरान गिरोह के सदस्य दुल्हन के पिता, भाई और रिश्तेदार बनकर लड़के पक्ष का विश्वास जीतते थे। रुपये, जेवर और कपड़े लेने के बाद विवाद व मारपीट कर धमकाया जाता और फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर वहां से भगा दिया जाता था। 9 सितंबर को बंधवा महादेव मंदिर में हुई शादी के बाद दूल्हे को बंधवा मोड़ के पास उतारकर कथित दुल्हन और रुपये लेकर आरोपी फरार हो गए थे। शिकायत के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। शुक्रवार को सूचना मिलने पर पुलिस ने कोदहरा चौराहे से पांच पुरुषों और दो महिलाओं को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों में बजरंगी बिन्द, राजन विश्वकर्मा, बहादुर उर्फ राजू, रामबिलाश, जय किशन उर्फ अजीत, करीना गौतम और माधुरी शामिल हैं। बरामद सामान में वादी ने पायल, नाक की कील, कपड़े और रुपये की पहचान की। दोनों मोटरसाइकिलों को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज किया गया है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment