.

आजमगढ़: तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई,तीन की मौत,06 घायल



फूलपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार की तड़के हुआ भीषण हादसा

आजमगढ़: फूलपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार की तड़के एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 4:30 बजे हुआ, जब फूलपुर की तरफ से सरायमीर की ओर जा रही स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकराने के बाद पलट गई।
बताया गया कि कार में कुल नौ लोग सवार थे। सभी की उम्र 16 से 17 साल थी। ये सभी फूलपुर कस्बा में गणेश पंडाल में देर रात तक सजावट का काम किए। इसके बाद तड़के सभी चाय पीने के लिए सरायमीर जाने का तय किए। मंगलवार की सुबह करीब 4:30 बजे कार सरायमीर की ओर जा रही थी। इसी दौरान अचानक कार अनियंत्रित हो गई और तेज रफ्तार में सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।
हादसे की सूचना मिलते ही सरायमीर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला और उपचार के लिए ताहिर अस्पताल पहुंचाया। अभी 2 लोग सक्षम बरनवाल और अंश सोनकर भर्ती हैं। मृतकों में 17 वर्षीय सत्यम मोदनवाल पुत्र नाटे मोदनवाल, 17 वर्षीय निखिल मद्धेशिया पुत्र राम फेर, लकी सोनकर पुत्र अखिल सोनकर हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया।
सीओ फूलपुर किरण पाल सिंह ने बताया कि फूलपुर की तरफ से स्विफ्ट डिजायर कार में नौ लोग सवार होकर आ रहे थे। सुबह करीब 4:30 बजे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि छह अन्य घायल हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment