विद्युत स्पर्शाघात से हुई थी संजय पाण्डेय की मौत, शासन से पांच लाख की अनुग्रह राशि भी मिल चुकी
आजमगढ़: कंपनी जहानागंज में होमगार्ड के पद पर तैनात रहे स्वर्गीय संजय कुमार पाण्डेय की आश्रिता पत्नी संजू पाण्डेय को विभाग और एक्सिस बैंक की ओर से 30 लाख रुपये की सहायता राशि का चेक दिया गया। होमगार्ड मुख्यालय के सभागार में पुलिस महानिदेशक/कमाण्डेन्ट जनरल होमगार्ड्स ध्रुवकांत ठाकुर ने चेक प्रदान किया। संजय कुमार पाण्डेय डायल-112 के चार पहिया वाहन चालक के रूप में भी सेवाएं दे रहे थे। 18 जून 2026 को विद्युत स्पर्शाघात की चपेट में आने से उनका आकस्मिक निधन हो गया था। उनके निधन के बाद आश्रित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की गई। होमगार्ड विभाग और एक्सिस बैंक के बीच हुए अनुबंध के तहत संजय कुमार पाण्डेय के एक्सिस बैंक, आजमगढ़ स्थित खाते के आधार पर उनकी पत्नी को 30 लाख रुपये की सहायता राशि दी गई। इसके अलावा शासन की ओर से अनुमन्य पांच लाख रुपये की अनुग्रह धनराशि भी पूर्व में प्रदान की जा चुकी है। चेक प्रदान करते हुए पुलिस महानिदेशक/कमाण्डेन्ट जनरल होमगार्ड्स ध्रुवकांत ठाकुर ने दिवंगत होमगार्ड के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि होमगार्ड स्वयंसेवक कानून-व्यवस्था, यातायात और आपातकालीन परिस्थितियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सेवाकाल में आकस्मिक निधन होने पर उनके आश्रित परिवार को अनुमन्य सहायता उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। कार्यक्रम में डिप्टी कमाण्डेंट जनरल होमगार्ड्स मुख्यालय रामकृष्ण वर्मा, वरिष्ठ स्टाफ अधिकारी राजकुमार आजाद, पुलिस महानिदेशक के स्टाफ अधिकारी सुनील कुमार, जिला कमाण्डेंट आजमगढ़ विनोद कुमार झा, कनिष्ठ स्टाफ अधिकारी अवनीश कुमार सिंह, एक्सिस बैंक के रीजनल हेड विनोद दुबे एवं संदीप कुमार सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। जिला कमाण्डेंट विनोद कुमार झा ने कहा कि दिवंगत होमगार्ड के परिवार को नियमानुसार देय सहायता और सुविधाएं उपलब्ध कराने की कार्रवाई जारी है।
Blogger Comment
Facebook Comment