.

आजमगढ़: मिशन शक्ति के तहत पुलिस लाइन में हुआ रक्षाबंधन कार्यक्रम




पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं से राखी बंधवा कर सुरक्षा और विश्वास का संदेश दिया


आजमगढ़: मिशन शक्ति अभियान के तहत सोमवार को पुलिस लाइन आजमगढ़ में रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं एवं बालिकाओं ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को राखी बांधी, तिलक किया और मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन पर्व मनाया। अधिकारियों ने भी महिलाओं एवं छात्राओं को उपहार दिए और उनके लिए भोजन की व्यवस्था की।
कार्यक्रम में राज्य स्तरीय मेधावी छात्राएं, नीट परीक्षा में सफल छात्राएं, परिवार परामर्श केंद्र एवं पारिवारिक विवाद से जुड़ी महिलाएं, साइबर फ्रॉड में धनराशि वापस पाने वाली पीड़िताएं, रानी लक्ष्मीबाई सम्मान कोष व शिकायत प्रकोष्ठ से जुड़ी महिलाएं तथा समूह सखी, बैंक सखी, स्वयं सहायता समूह और गैर सरकारी संगठनों से जुड़ी महिलाएं शामिल हुईं।
इस दौरान महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण के लिए मिशन शक्ति के तहत पुलिस द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी गई। साइबर अपराध में पीड़ितों की धनराशि वापस कराने, पारिवारिक विवादों का परिवार परामर्श के माध्यम से समाधान कराने और जरूरत पड़ने पर त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था के बारे में भी बताया गया।
महिलाओं एवं छात्राओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए पुलिस और प्रशासन की सुरक्षा एवं सहायता व्यवस्था पर विश्वास जताया। उन्होंने महिलाओं के लिए किए जा रहे प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त किया। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी परेशानी की स्थिति में महिलाएं बिना संकोच पुलिस को सूचना दें। उनकी सुरक्षा, सम्मान और सहायता के लिए आजमगढ़ पुलिस सदैव तत्पर है।
कार्यक्रम में मंडलायुक्त आजमगढ़, डीआईजी आजमगढ़ परिक्षेत्र, मुख्य विकास अधिकारी सहित अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल, क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं आत्मीय वातावरण में संपन्न हुआ।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment